बाढड़ा। केंद्र व प्रदेश सरकार विकास के नाम पर देश की सरकारी संस्थाओं को बेच रही है। पिछले 12 वर्षों में किसान मजदूर का विकास नहीं हुआ बल्कि भाजपा के बैंक खातों का विकास हुआ है। 15 हजार करोड़ का बैंक बैलेंस वाली भाजपा के शासन में गरीब, किसान, मजदूर का बीपीएल कोटा के तहत आवंटित तेल चीनी को खत्म किया जा रहा है।
दीपेंद्र ने कहा कि उनके कार्यकाल में मेरठ से सोनीपत होकर दादरी-लोहारु से राजस्थान सीमा तक 334 बी सड़क मार्ग को मंजूर किया था, अब इस बड़ी परियोजना को खटाई में डाला जा रहा है, इसके लिए उन्होंने सड़क मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की है।
यह बात सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने देर रात पूर्व विधायक सुखविंद्र मांढी के फार्म हाउस पर कार्यकर्ता मिलन समारोह में कही। उन्होंने कहा कि युवाओं को दिल्ली प्रदर्शन करने के लिए मजबूर किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के साढ़े 12 साल के कार्यकाल में बाढड़ा क्षेत्र को कोई बड़ी नई परियोजना नहीं मिली। देश और प्रदेश का विकास नहीं हुआ, बल्कि भाजपा के बैंक खातों और कैश का विकास हुआ है। बाढड़ा क्षेत्र में कम बरसात और नहरी पानी की कमी के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं।
सरकार को इस क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित कर विशेष गिरदावरी करवानी चाहिए और किसानों को उचित मुआवजा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पास कर्मचारियों की मांगें पूरी करने के लिए पैसे नहीं हैं, जबकि पार्टी के पास बड़े-बड़े कार्यालय बनाने के लिए पर्याप्त धन है। उन्होंने हरियाणा की कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और नशे के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी और नशाखोरी विकट समस्या बन चुकी है।
इस दौरान पूर्व सीपीएस राव दान सिंह, पूर्व विधायक सोमबीर सिंह, पूर्व विधायक नृपेंद्र श्योराण, पूर्व विधायक सुखविंद्र, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील, कमल प्रधान, राजू मान, समीर श्योराण, विजय उमरवास आदि मौजूद रहे।