चरखी दादरी। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए साल में दो बार फार्म भरे जाते हैं। पहला जनवरी सत्र के लिए और दूसरा जुलाई सत्र के लिए। जनवरी 2024 सत्र की एडमिशन प्रक्रिया अभी जारी है और इसके लिए अंतिम तिथि 15 फरवरी कर दी गई है। इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी डाॅ. धर्मपाल ने ये जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जो लोग कौशल आधारित और ज्ञान आधारित शिक्षा लेना चाहते हैं, उनके लिए इग्नू सबसे उपयुक्त विश्वविद्यालय है। इग्नू का उद्देश्य विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन करके उनके लिए उत्थान के समान अवसर उपलब्ध करवाना है। इग्नू दुर्गम क्षेत्र, गांव, देहात के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाने का कार्य कर रही है।
ऐसे विद्यार्थी जिनको कम मेरिट के कारण कॉलेज में प्रवेश नहीं मिला हो या किसी भी कारण से वह नियमित रूप से कॉलेज और विश्वविद्यालय में नहीं जा सकते तो ऐसे विद्यार्थी आसानी से इग्नू से पढ़ाई कर डिग्री हासिल कर सकते हैं। नौकरी पेशा वाले लोग भी सहजता से दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अपनी उच्च शिक्षा जारी रख सकते हैं और इग्नू के किसी भी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर अपनी योग्यता बढ़ा सकते हैं।