अशोक स्वामी की बात के विरोध में खड़े हुए पार्षद सतबीर चौहान और अन्य व्यापारी।
चरखी दादरी। व्यापारियों के बीच मंगलवार को धरनास्थल पर पहुंचे आईएएस सौरभ स्वामी के पिता अशोक स्वामी को बिगड़े बोल की वजह से विरोध का सामना करना पड़ा। उन्होंने संबोधन के दौरान डीसी प्रीति की योग्यता पर सवाल उठाए और उनकी यूपीएससी परीक्षा की रैंक पर तंज कसा। जातिगत कोटा का लाभ मिलने की बात कहते ही नगर व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने उनसे माइक वापस मांग लिया। हालांकि तत्काल उन्हें भूल का अहसास हो गया और इसके बाद उन्होंने न केवल शब्द वापस लेने की बात कही, बल्कि माफी भी मांगी।
हुआ यूं कि आंबेडकर चौक के समीप एकत्र हुए व्यापारियों और दुकानदारों को दस से अधिक वक्ताओं ने संबोधित किया। उसी दौरान आईएएस सौरभ स्वामी के पिता अशोक स्वामी भी संबोधन के लिए उठे। जलभराव के मुद्दे पर अपने विचार रखते हुए वो डीसी प्रीति की योग्यता पर सवाल उठाने लगे। उन्होंने कहा कि 500वीं रैंक आने के बाद भी ये डीसी कैसे बन गईं? पता चला है कि वो हरिजन कोटा से डीसी बनी हैं। उनके मुंह से जाति विशेष की बात निकलते ही विनोद गर्ग और जयभगवान मस्ताना खड़े हो गए और अशोक स्वामी से माइक वापस लेकर बैठाने का प्रयास किया। अशोक स्वामी ने माइक थामे रखा और उसी दौरान रविदास नगर से पार्षद सतबीर चौहान भी उठ गए और उन्होंने अशोक स्वामी का विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि जल निकासी समस्या नहीं, मूछों की लड़ाई बनाई गई है और जातिगत टिप्पणी कर डीसी को निशाना बनाया जा रहा है। यह सरासर गलत है और अशोक स्वामी को ऐसे शब्द प्रयोग नहीं करना चाहिए।