संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे रावदान सिंह ने शनिवार को बाढड़ा हलके में पहुंचकर कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार जताया। इस दौरान वे मीडिया से भी मुखातिब हुए। उन्होंने हार के कारण की समीक्षा करने के बाद कहा कि पहला कारण मैं खुद हूं जबकि दूसरा कारण दगा देने वाले अपने हैं। उन्होंने कहा कि अगर अपने दगा न देते तो नतीजे कुछ और ही होते।
रावदान सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव की बाकी कसर जनता विधानसभा चुनाव में पूरी कर देगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने टिकट वितरण सही किया। इसका ही नतीजा है कि प्रदेश में कांग्रेस का वोट बैंक 15 प्रतिशत बढ़ा है। इतना ही नहीं पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से चार लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीता था, जबकि इस बार ये अंतर 45 हजार से भी कम रहा। उन्होंने कहा कि बाढड़ा हलके के मतदाताओं से उन्हें सबसे ज्यादा प्यार मिला और इसके लिए वो आभारी हैं।
हार का कारण पूछे जाने पर रावदान सिंह ने पत्रकारों से कहा कि पहला कारण मैं खुद हूं। मैंने अपना क्षेत्र छोड़ दिया जबकि वहां से ही मुझे साथ नहीं मिल पाया। इसके अलावा कुछ अपनों ने दगा दिया और उनका नाम लेने की मुझे जरूरत नहीं है, क्योंकि जनता सब जानती है। कांग्रेस हाईकमान के पास भी बात पहुंच चुकी है और ऐसे लोगों के खिलाफ अब अगला निर्णय हाईकमान की ओर से लिया जाना है।
फोटो : 16
रावदान सिंह।