चरखी दादरी के गांव रावलधी स्थित ताऊ होटल पर बुधवार रात बाइकों पर सवार होकर युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। डंडों से लैस होकर आए युवकों ने यहां रखा सामान तोड़ दिया और होटल में मौजूद युवक से मारपीट भी की। वारदात करने वाले युवकों ने यहां लगे सीसीटीवी को क्षतिग्रस्त कर दिया जबकि डीवीआर भी अपने साथ ले गए। होटल संचालक का आरोप है कि उसके गल्ले से करीब 12 हजार की नकदी भी निकाली गई। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
पुलिस को दी शिकायत में रावलधी निवासी विरेंद्र ने बताया कि वो गांव में रोहतक रोड पर ताऊ होटल चलाता है। बुधवार रात करीब 11 बजे वो अपने बेटे को होटल में बैठाकर खेत में चला गया। विरेंद्र ने बताया कि कुछ देर बाद उसका बेटा अपने दोस्त दीपक को यहां बैठाकर खेत में उसके पास कुछ देर के लिए आ गया। विरेंद्र ने बताया कि उसी दौरान एक युवक होटल पर पहुंचा और उसकी दीपक से कहासुनी हो गई। इसके बाद उक्त युवक वहां से चला गया और कुछ ही देर बाद 10-12 युवकों को लेकर होटल पर पहुंच गया।
विरेंद्र ने बताया कि उक्त युवकों ने आते ही दीपक से मारपीट के साथ वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने वहां रखे डीप-फ्रिजर, कुर्सी, मेज, काउंटर और सीसीटीवी को क्षतिग्रस्त कर दिया जबकि जाते वक्त डीवीआर भी साथ ले गए। विरेंद्र ने बताया कि मामले की सूचना उन्होंने देर रात ही डायल 112 पर दी और इसके कुछ देर बाद ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि डीवीआर गांव से ही बरामद कर ली गई है। दूसरी ओर सदर थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।