दादरी के भगवान परशुराम चौक पर तैनात पुलिसकर्मी।
चरखी दादरी। दादरी जिले में फाग पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। वहीं संभावित दुर्घटनाओं या आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर है।
फाग पर्व के मद्देनजर जिला पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पेट्रोलिंग, चौकसी और निगरानी बढ़ा दी है। शरारती तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के लिए टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि फाग के दौरान सार्वजनिक वातावरण में विस्फोटक वस्तुओं का उपयोग, पेट्रोलिंग में बाधा, शराब व नशीले पदार्थों का अनुचित प्रयोग तथा महिला और बुजुर्गों की असुरक्षा को रोकने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए 11 पुलिस नाके लगाए गए हैं।
शहर में गलियों, चौक-चौराहों, पार्कों व सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आठ पेट्रोलिंग टीमें लगाई गईं हैं। इसके साथ ही मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें, पीसीआर व राइडर भी लगातार गश्त करेंगे। झोझू कलां व बाढड़ा में तीन-तीन, बौंद कलां में एक पैदल पेट्रोलिंग टीम लगाई गई है।
पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने जिले के सभी थाना प्रबंधकों को त्योहार पर लगी ड्यूटियों को चेक कर सुरक्षा सुनिश्चित करने व स्वयं भी गश्त पर रहने के निर्देश दिए हैं। व्यापारिक प्रतिष्ठानों व आयोजकों को भी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर हुड़दंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।