दादरी जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड।
चरखी दादरी। दादरी रोडवेज डिपो की बीएस-4 मानक की 8 बसों को हिसार डिपो के अधिकारियों ने बेड़े में बसों की पर्याप्त संख्या होने की बात कहते हुए लेने से इंकार कर दिया। दादरी वर्कशॉप अधिकारियों ने हिसार डिपो से मिली जानकारी की रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेज दी है। बसों को कौन-से डिपो में भेजना है, अब यह मुख्यालय की ओर से निर्धारित किया जाएगा।
गौरतलब है कि दादरी रोडवेज को बीएस-6 की 30 नई बसें मिलने के बाद डिपो से संचालित हो रही बीएस-4 मानक वाली 8 बसों को हिसार डिपो भेजने के आदेश जारी किए गए थे। लेकिन हिसार डिपो में बसों की संख्या पूरी होने के कारण खड़ा करने की जगह कम होने का हवाला देते हुए लेने से इंकार कर दिया गया। एनसीआर क्षेत्र में बीएस-4 मानक की बसों का संचालन न होने के कारण दादरी रोडवेज डिपो ने 8 बसों को रिजर्व में रखा हुआ है। वहीं, हिसार डिपो की ओर से बसें लेने से इंकार करने के बाद संबंधित अधिकारियों ने रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेज दी है।
प्रतिदिन 40 हजार यात्री करते हैं सफर
दादरी डिपो से दूसरे राज्यों के लिए बसों का संचालन शुरू होने के बाद बस स्टैंड से यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। स्थानीय बस स्टैंड से लंबी दूरी के अलावा स्थानीय रूटों पर प्रतिदिन करीब 40 हजार यात्री रोडवेज बसों में यात्रा करते हैं।
परिवहन विभाग के बेड़े में हैं 123 बस
फिलहाल स्थानीय रोडवेज डिपो के बेड़े में 123 बसें हैं। लेकिन एनसीआर क्षेत्र में बीएस-4 मानक वाली बसों का संचालन बंद होने से 115 बसें ही यात्रियों के लिए चलाई गई हैं। इसके अलावा मुख्यालय की ओर से पांच एसी बसें आवंटित की गई है, जिनके जल्दी ही बेड़े में शामिल होने का अंदाजा लगाया जा रहा है।
हिसार डिपो के अधिकारियों की ओर से 8 बसों को लेने से इंकार करने के बाद स्थिति की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेज दी गई है। मुख्यालय की ओर से पत्र जारी होने के बाद बसों को संबंधित डिपो में भेजा जाएगा।
-भूपेंद्र सिंह, पीएमए वर्कशॉप, दादरी