चरखी दादरी। हिंदी दिवस के अवसर पर सावड़ स्थित संकल्प पुस्तकालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण, काव्य पाठ, पोस्टर बनाओ और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं में 32 बच्चों व युवाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विषय ‘हिंदी-राष्ट्रीय एकता का सूत्र, ‘स्वच्छता अभियान’ और ‘कन्या भ्रूण हत्या’ रहे। प्रतिभागियों ने सामाजिक विषयों पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संकल्प पुस्तकालय के समन्वयक दीपक ने की।
विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए सेवा संकल्प संगठन के निदेशक जतिन गर्ग और मेरा युवा भारत के जिला समन्वयक प्रवीण गोलागढ़ भी मौजूद रहे। पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता में दीपांशु प्रथम, अनिषा द्वितीय और भावना तृतीय रही। भाषण एवं काव्य पाठ प्रतियोगिता में अंकित ने प्रथम और दिव्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मोमेंटो, रजिस्टर और पेन देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार दिए गए। जतिन गर्ग ने कहा कि हिंदी देशवासियों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। वहीं, सेवा संकल्प संगठन के पौधारोपण अभियान में सहयोग करने वाले करण, आशीष, गौरव, सूरज, अंकुश, प्रवीण सहित अन्य युवाओं को भी सम्मानित किया गया।