गांव रामपुरा के पास सड़क पर पैदल चल रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। शनिवार को हुए हादसे में घायल ने दम तोड़ दिया। मृतक राजेश सारंगपुर गांव का रहने वाला था। हादसे के समय उसका छोटा भाई भी उसके साथ था। पुलिस ने सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। मृतक के भाई के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को दिए बयान में सारंगपुर निवासी धर्मपाल ने बताया कि वह अपने बड़े भाई राजेश के साथ किसी काम से रामपुरा गांव गया था। वहां से वे दोनों पैदल अपने गांव लौट रहे थे। लघुशंका के लिए वह रास्ते में रुक गया, जबकि उसका भाई गांव की तरफ पैदल चलता रहा। धर्मपाल ने बताया कि इसी दौरान रामपुरा की तरफ से एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उसके भाई राजेश को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल उसके भाई की मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में बोलेरो चालक के खिलाफ धारा 279 और 304-ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।