चरखी दादरी। वार्ड 18 स्थित एमसी कॉलोनी में दो माह से पेयजल की किल्लत बनी हुई है। वार्ड की तीन गलियों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही जबकि एक गली में पानी ही नहीं पहुंच पा रहा। इस समय वार्ड के 200 घरों में रहने वाले करीब 800 लोग पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। समस्या से त्रस्त लोगों ने रविवार को जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है, जिसके चलते उन्हें परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है।
वार्ड की जिन चार गलियों में पेयजल संकट गहराया हुआ है उनमें से दो में सांसद धर्मबीर सिंह और बाढड़ा विधायक नैना चौटाला का निवास स्थान है। बावजूद इसके लंबे से इन गलियों में दूषित पेयजल की समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि दो माह से वो विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। उनका कहना है कि वे एक बार एसडीएम व एक बार एक्सईएन को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर है। लोगों ने विभाग से समस्या पर संज्ञान लेकर जल्द समाधान करवाने की मांग की है।
450 रुपये में टैंकर डलवाकर चला रहे काम
एमसी कॉलोनी निवासी जगबीर सिंह, कटार सिंह, धर्मबीर, महीपाल, सुजीत, अनिल, सुनील, राजपाल, शेर सिंह, पूनम, सरोज, अनिता, सुनीता, सुमित्रा, सावित्री, सरोज, भगवंती, रीना, संतरा, सुदेश, दिनेश, संजय, सोमनाथ आदि ने बताया कि पेयजल संकट गहराने से लोग अपने स्तर पर ही पानी का प्रबंध करने को विवश हैं। लोगों का कहना है कि सप्ताह में एक बार उन्हें 450 रुपये देकर टैंकर मंगवाना पड़ता है।
वार्ड 18 में पेयजल संकट का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। सोमवार को कर्मचारी भेजकर निरीक्षण करवाएंगे और जल्द समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। वहीं, गांधी नगर में बनी समस्या के समाधान के लिए हम प्रयासरत हैं।
-कृष्ण कुमार, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग