सरल केंद्र में हेल्प डेस्क का उद्घाटन करते उपायुक्त व अन्य अधिकारी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। सरल केंद्र में पेपरलेस रजिस्ट्री के लिए शुक्रवार को उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने नागरिकों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए पेपरलेस सिस्टम लागू किया है। इस दौरान उपायुक्त ने एक दपंती को रजिस्ट्री भी सौंपी।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी इस व्यवस्था को गंभीरता से अपनाएं और आमजन को ई-रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर कागज रहित पंजीकरण करवाने के लिए जागरूक करें। साथ ही पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करते हुए प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
उन्होंने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री प्रदेश सरकार का महत्वपूर्ण व्यवस्था परिवर्तन कदम है, जिसे प्राथमिकता के साथ लागू करना आवश्यक है। रजिस्ट्री प्रक्रिया को जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में लाया जाए। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने एक दंपती को पेपरलेस रजिस्ट्री प्रमाणपत्र भी सौंपा और बताया कि अन्य आवेदनों का भी त्वरित निपटान किया जा रहा है।
उपायुक्त ने जिला राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी तहसीलों में पेपरलेस रजिस्ट्री की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करें और अधिवक्ताओं और डीड राइटर्स के साथ बैठक कर प्रक्रिया को और सुचारू बनाएं। इस अवसर पर एसडीएम योगेश सैनी, जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार भौरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।