चरखी दादरी। जिले के स्वास्थ्य विभाग को मरीजों के लिए बेहतर और सुरक्षित आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नई एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस मिली है। रजिस्ट्रेशन और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद यह एंबुलेंस करीब 10 दिनों में लोगों की सेवा में उपलब्ध होगी। विभाग को जल्द ही एक और एएलएस एंबुलेंस मिलने की संभावना भी है।
कुल 6 एबुलेंस उपलब्ध
वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग के पास तीन एएलएस, सात बेसिक लाइफ सपोर्ट और छह पेशेंट ट्रांसपोर्ट एंबुलेंस उपलब्ध हैं। नई एएलएस एंबुलेंस के शामिल होने से जिले की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी और गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
विभिन्न सुविधाएं उपबल्ध
गंभीर मरीजों को अक्सर उपचार के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया जाता है। ऐसे मरीजों के लिए एएलएस एंबुलेंस बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसमें वेंटिलेटर, कार्डियक मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट, सक्शन मशीन, इंफ्यूजन पंप सहित कई आधुनिक जीवन रक्षक उपकरण मौजूद रहते हैं। प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ मरीज की अस्पताल पहुंचने तक लगातार निगरानी और आवश्यक उपचार करता है जिससे गंभीर मरीजों की जान बचाने की संभावना बढ़ जाती है।
वर्सन:
नई एएलएस एंबुलेंस के शुरू होने से रेफर किए जाने वाले गंभीर मरीजों को अधिक सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता में भी वृद्धि होगी। विभाग का उद्देश्य जिले के लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। - डॉ. राहुल अरोड़ा, डिप्टी सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग।