नाहन में मांग को लेकर गरजे बिजली बोर्ड के कर्मचारी-पेंशनर
सरकार और बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी
अधिकारियों पर बोर्ड को बर्बाद करने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। पुरानी पेंशन बहाली समेत दूसरी मांगों को लेकर बिजली बोर्ड की कर्मचारी यूनियन, इंजीनियर फ्रंट समेत सेवानिवृत्त कर्मचारी यूनिट नाहन ने बस अड्डे स्थित कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया।
यूनियन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगवान दास व उपाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में सांकेतिक रोष प्रदर्शन हुआ। इस दौरान चार दर्जन से अधिक कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने मांगों को लेकर सरकार और बिजली बोर्ड के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
प्रदर्शनकारियों ने दो टूक शब्दों में बिजली बोर्ड के कर्मचारियों व पेंशनरों ने दो टूक शब्दों में पुरानी पेंशन को अविलंब बहाल करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल हो चुकी है, लेकिन बिजली बोर्ड और सरकार उनके लिए इसे अभी तक लागू नहीं कर पाई है।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों पर बोर्ड को बर्बाद करने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 20 मई 2023 को हुई सर्विस कमेटी में टीमेट और हेल्पर पदोन्नति नियम पर अभी तक फैसला नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर परियोजना पर पुन: विचार करके उसे रोकने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो प्रदर्शन और तेज होगा।
प्रदर्शन में शामिल नाहन यूनिट के प्रधान प्रशांत ठाकुर, उपप्रधान नूतन, सचिव अनिल कुमार, अतिरिक्त सचिव संजूराम, दीपचंद, मुख्य सलाहकार रजवंत कौर, प्रेस सचिव शीतल कुमार, संगठन सचिव जंगशेर, पेंशनर संघ के महासचिव कमलेश पुंडीर, निजामुदीन, हुकुम सिंह, अशोक विक्रम आदि ने मुख्यमंत्री के सलाहकार के पद पर नियुक्त अधिकारी को हटाने की भी मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब यह अधिकारी बिजली बोर्ड के अध्यक्ष थे, उनके समय बिजली बोर्ड का मूल ढांचा तक सुरक्षित नहीं रह गया था। संवाद