चरखी दादरी। स्वरोजगार को बढ़ाने के लिए मत्स्य पालन के व्यवसाय को अपनाया जा सकता है। मत्स्य पालन के लिए केंद्र व राज्य सरकार 60 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है। जिला में भी मत्स्य पालन की अपार संभावनाएं हैं और दिल्ली, गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी होने से इससे अच्छा लाभ लिया जा सकता है।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि चरखी दादरी की भौगोलिक स्थिति के चलते जिला में मत्स्य पालन को व्यवसाय के रूप में अपनाकर मुनाफा लिया जा सकता है। प्रदेश व केंद्र सरकार की ओर से भी योजना के तहत मत्स्य पालन को बढ़ाने के लिए एससी तथा महिला वर्ग को 60 प्रतिशत व सामान्य वर्ग को 40 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। जिला में मत्स्य पालन विभाग की ओर से योजना के तहत कार्य करते हुए किसानों को मत्स्य पालन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है। अधिक से अधिक लोग इस व्यवसाय को अपनाकर अपनी आय के स्त्रोत में बढ़ोतरी कर सकें, इसके लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। तैयार की गई कार्य योजना के तहत इस वर्ष मछली पालन के क्षेत्र को बढ़ाया जाना निश्चित है।