चरखी दादरी रोडवेज के जीएम रविश हुड्डा को एक धमकी भरा पत्र मिला है। पत्र में धौंस में 50 लाख रुपये मांगे गए हैं। रुपये न देने पर जीएम और उनके परिवार को दिनदहाड़े गोलियों से भूनने की धमकी दी गई है। पत्र के अंत में प्रधान बिश्नोई गैंग लिखा हुआ है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि धौंस में यह रकम बिश्नोई गैंग की तरफ से मांगी गई है। दादरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में जीएम रविश हुड्डा ने बताया कि उनके कार्यालय के एक कर्मचारी ने उन्हें सोमवार को एक लिफाफा लाकर दिया था। जब उन्होंने लिफाफे को खोला तो इसमें एक पत्र में मिला। पत्र में उनसे 50 लाख रुपये की मांग की गई है। पत्र में यह राशि 25 अप्रैल को मकड़ोली गांव के श्मशान घाट में खड़े गैंग के गुर्गों को देने की बात कही गई है। वहीं, राशि न देने पर जीएम और उनके परिवार को दिनदहाड़े गोलियों से भूनने की धमकी दी है। जीएम की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दादरी एसपी का कहना है कि यह मामला संज्ञान में आते ही जीएम रविश हुड्डा की सुरक्षा में गनमैन तैनात कर दिया गया है।
मेरी न तो किसी से कोई दुश्मनी है और न ही ऐसी किसी गैंग को मैं जानता हूं। मैंने मामले की शिकायत एसपी दादरी को दे दी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- रविश हुड्डा, जीएम, रोडवेज डिपो।
दादरी रोडवेज जीएम की शिकायत पर पुलिस ने धौंस में 50 लाख रुपये मांगने, जान से मारने की धमकी देने और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जीएम की सुरक्षा में गनमैन भी तैनात किया गया है।
- विनोद कुमार, एसपी