विश्व मलेरिया दिवस पर स्टाफ को दिशा-निर्देश देते कार्यवाहक सीएमओ डॉ. गौरव भारद्वाज।
चरखी दादरी। मुख्यालय के निर्देशानुसार वीरवार को जिला स्वास्थ्य विभाग ने विश्व मलेरिया दिवस मनाया। इसके तहत लोगों को मलेरिया के प्रति जागरूक करते हुए इससे बचाव और इलाज की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य निरीक्षक जगदीश जाखड़ ने बताया कि आज दुनियाभर में मलेरिया दिवस मनाया जा रहा है। मलेरिया के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ये आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि एक छोटे से मच्छर को अनदेखा करने से जीवन तक खराब हो जाता है। मलेरिया मादा एनाफिलिज मच्छर के कारण फैलता है। उन्होंने कहा कि बुखार आने पर तत्काल रक्त जांच करवाएं और रिपोर्ट अगर पॉजिटिव आती है तो 24 घंटे के अंदर 14 दिन का रेडिकल ट्रीटमेंट लें। मलेरिया शारीरिक रूप से ही नहीं बल्कि लोगों को आर्थिक रूप से भी प्रभावित करता है।
स्वास्थ्य निरीक्षक जगदीश जाखड़ ने बताया कि अपने घर व आसपास में सफाई रखें और मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए घरों में पानी की टंकी ढककर रखें व भूलकर भी पानी के स्रोत खुला न रखें। इसके अलावा पक्षियों के सकोरे, कूलर व फ्रिज की ट्रे सप्ताह में एक बार अवश्य साफ करें। घर के बाहर अगर कहीं अनावश्यक पानी भरा हो तो उसमें काला तेल या सरसों का तेल डालें। इस मौके पर वीबीडी टीम सदस्य इंद्रजीत, तेजवीर, संजय कुमार और सुनील कुमार भी मौजूद रहे।