प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबोधित करते हुए डीईओ कृष्णा फोगाट।
चरखी दादरी। शहर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में बुधवार को विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें क्लस्टर के 36 बीआरपी और 36 तकनीशियन ने भाग लिया और अपार आईडी बनाने की जानकारी ली। जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फोगाट ने कहा कि सभी बीआरपी को अगले सप्ताह तक आईडी पूरी करने का लक्ष्य दिया है।
अपार आईडी विभाग की सराहनीय पहल है। इसके माध्यम से हम विद्यार्थियों की अब तक की उपलब्धियां जान सकेंगे और ये उनकी डिजिटल रिकाॅर्ड बुक रहेगी। सभी ये कार्य जितना जल्द हो सके उतना जल्दी पूरा करें। इससे विद्यार्थियों को भी काफी लाभ मिलेगा।
अब तक जिले में 71,212 में से 3917 विद्यार्थियों की आईडी बन चुकी हैं। बता दें कि प्रशिक्षण शिविर एक घंटे तक चला। इसमें बीआरपी व तकनीशियन को अपार आर्डडी बनाने की प्रक्रिया समझाई। कार्यक्रम में प्रशिक्षण एमआईएस कोऑर्डिनेटर हरमेंद्र सिंह ने दिया। उन्होंने बताया किस प्रकार आईडी बनाई जाएगी और इसमें विद्यार्थियों का क्या रिकाॅर्ड डाला जाएगा। आईडी के लिए विद्यार्थी की जन्म तिथि व नाम पोर्टल भरना होगा। इसके बाद पोर्टल विद्यार्थी का आधार कार्ड डाटा मैच करेगा।
बाद में आईडी जनरेट होगी और उसके फोन नंबर पर आईडी चली जाएगी। बाद में विद्यार्थी इसका उपयोग कर सकेगा। प्रशिक्षण शिविर में बीआरपी के सवालों का भी समाधान किया गया। कई स्कूलों में विद्यार्थियों को विद्यार्थियों की आईडी व नाम आदि में दिक्कत थी। इसके कारण उनकी आईडी नहीं बन पाई। शिविर में उन्हें बताया कि आईडी बनवाने के लिए उन्हें आधार कार्ड में स्कूल रिकॉर्ड के अनुसार नाम बदलना होगा। इसके बाद ही उनकी आईडी बन पाएगी। विभाग की ओर सभी स्कूल मुखियाओं को इसकी जानकारी दी गई।