बाढड़ा की अनाज मंडी में गेहूं की बोरी भरते श्रमिक।
बाढड़ा। अनाज मंडी में इस वर्ष अब तक 5,660 किसानों को गेट पास जारी किए जा चुके हैं। मंडी में 1,05,000 क्विंटल सरसों की आवक हुई है, जिनमें से 95,000 क्विंटल सरसों की खरीद की जा चुकी है। वहीं, 77,000 क्विंटल सरसों की उठान भी हो चुकी है।
मंगलवार को अनाज मंडी में 117 गेट पास जारी किए गए और 1,570 क्विंटल सरसों की आवक दर्ज की गई। वहीं 8,000 क्विंटल सरसों की खरीद हुई। गेहूं की आवक के लिए अब तक 815 किसानों को गेट पास जारी किए गए हैं और 35,000 क्विंटल गेहूं की आवक हुई है, जिसमें से 26,000 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। 23,000 क्विंटल गेहूं की उठान भी हो चुकी है।
एजेंसियों को फसलें खरीदने से रोका जा रहा : सोमवीर
बाढड़ा। प्रदेश में रबी सीजन की फसलों की खरीद, उठान और भुगतान में हो रही देरी पर कांग्रेस ने कड़ा एतराज जताया है। पूर्व विधायक सोमवीर सिंह ने आरोप लगाया कि मंडियों में गेहूं और सरसों की फसलें रखी हैं, लेकिन खरीद एजेंसियों को खरीदने से रोका जा रहा है, जो किसानों को जानबूझकर आर्थिक रूप से कमजोर करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी। यह बात सोमवीर सिंह ने कस्बे में किसानों की समस्याओं को सुनते हुए कही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली में एमएसपी कानून के आंदोलन के बाद से भाजपा सरकारें कृषि और किसानों की उपेक्षा कर रही हैं। इस अवसर पर विजय, सरपंच सुरेश धनासरी, पूर्व बीईओ करण सिंह श्योराण, सरपंच मांगेराम, आनंद वालिया, संदीप और मुकेश भी मौजूद रहे।