चरखी दादरी। दादरी स्पेशल स्टाफ के हत्थे चढ़े राजस्थान निवासी गैंगस्टर कुलदीप गुरुग्राम में अपनी दहशत फैलाना चाहता था। इसके लिए वो जनवरी माह से अवैध हथियार इक्ट्ठे कर रहा था। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस पूछताछ में उसने ये खुलासा किया है। आरोपी ने बताया कि उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जो अवैध हथियार बरामद किए हैं, उन्हें वो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से खरीदकर लाया था।
बता दें कि राजस्थान के अलवर निवासी गैंगस्टर कुलदीप उर्फ लंबू को दादरी स्पेशल स्टाफ ने राजस्थान के निमराणा से गिरफ्तार किया था। उस दौरान उसकी गाड़ी से एक पिस्टल बरामद हुई थी। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने उसकी निशानदेही पर राजस्थान से दो अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए थे।
स्पेशल स्टाफ प्रभारी एसआई शमशेर सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान कुलदीप उर्फ लंबू ने बताया कि वो गुरुग्राम मंडी में अपना सिक्का जमाना चाहता था। इसके लिए वो 70 हजार रुपये में सहारनपुर से हथियार भी खरीदकर लाया था। उन्होंने बताया कि पुलिस उसे सोमवार को सहारनपुर लेकर गई ताकि हथियार सप्लायर को काबू किया जा सके।