चरखी दादरी। वर्ष 2007 के ट्रैक्टर चोरी के एक मामले में पिछले करीब 14 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने बिहार के पूर्वी चम्पारण से काबू किया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 11 फरवरी 2007 को तुलसीराम निवासी खेड़ी बत्तर ने थाना सदर दादरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका जॉन डियर ट्रैक्टर जिसे उसका बेटा शिव स्टोन क्रशर पर खड़ा करके गया था रात के समय चोरी हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की थी। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने आरोपी रामबाबू निवासी गठिया, तहसील मोतिहारी, थाना संग्रामपुर, जिला पूर्वी चम्पारण (बिहार) को गिरफ्तार कर चोरीशुदा ट्रैक्टर बरामद कर लिया था।
इसके बाद आरोपी अदालत से जमानत मिलने पर तारीख-पेशी से गैर-हाजिर रहने लगा और भूमिगत हो गया। अदालत के आदेशों की निरंतर अवहेलना करने पर जेएमआईसी सुधीर कुमार की अदालत ने 16 मई 2012 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था जिसे एएसआई अवनीत के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने उसके गांव से काबू कर लिया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।