चरखी दादरी। जिले में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। एक भट्ठा संचालक को सरकारी अधिकारी बनकर ठगों ने अपने जाल में फंसा लिया और करीब 43 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव रानीला निवासी विकास ने बताया कि उसका गांव कायला, जिला भिवानी में ईंट भट्ठा है। 10 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10 बजे उसके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को अशोक शर्मा नामक अध्यापक बताते हुए गांव बामला के सरकारी स्कूल के लिए 12 हजार ईंटों की जरूरत बताई। सौदा 6900 रुपये प्रति हजार ईंट के हिसाब से तय हुआ, जिसकी कुल कीमत 82,800 रुपये बनी।
आरोपी ने भरोसा दिलाया कि 60 हजार रुपये नकद स्कूल में दे दिए जाएंगे जबकि शेष 22,800 रुपये एसडीएम कार्यालय दादरी के माध्यम से बैंक खाते में भेजे जाएंगे। अगले दिन 11 अप्रैल को एक अन्य नंबर से कॉल आई जिसमें व्यक्ति ने खुद को एसडीएम कार्यालय का अकाउंटेंट बताया और भुगतान प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने उसे फोन पे खोलने को कहा और विश्वास जीतने के लिए पहले 2 रुपये ट्रांसफर भी किए। इसके बाद ठग ने अलग-अलग क्यूआर कोड भेजकर 22,800 रुपये और 19,999 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जैसे ही पैसे ट्रांसफर हुए आरोपी ने क्यूआर कोड डिलीट कर दिया और संपर्क तोड़ लिया। पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई और एनसीआरपी पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की।