फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: 20 हजार का झांसा देकर पिता-पुत्री के बैंक खाते में डलवाए 29 लाख, 6 लोगों पर मामला दर्ज, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Thu, 01 Feb 2024 03:39 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
चरखी दादरी का साइबर थाना भवन।
विज्ञापन
चरखी दादरी। 20 हजार का लालच देकर पिता-पुत्री के बैंक खाताें में धोखाधड़ी करके 29 लाख रुपये की रकम डलवाने का मामला पुलिस तक पहुंचा है। इस संबंध में युवती की शिकायत पर दादरी साइबर थाना पुलिस ने छह आरोपियों पर केस दर्ज किया है। वहीं, धोखाधड़ी की रकम मंगवाने पर दिल्ली साइबर थाना पुलिस शिकायतकर्ता के पिता को एक माह पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अहम बात ये है कि छात्रा की ओर से दर्ज करवाए गए केस के मुख्य आरोपी गोपाल बंसल को दादरी साइबर थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसके परिजनों ने 30 जनवरी को गुमशुदगी का केस दर्ज करवाया था।
विज्ञापन


पुलिस को दी शिकायत में लाला लाजपतराय चौक निवासी अर्पिता गुप्ता पुत्री अमित गुप्ता ने बताया कि वो बीबीए की छात्रा है। उनके परिवार की गोपाल बंसल के साथ जान पहचान है। नवंबर 2023 में उन्होंने उसके पिता अमित गुप्ता से संपर्क किया और बताया कि अपने व्यापारिक सहयोगियों से व्यापार से संबंधित राशि प्राप्त करने के लिए उसे बैंक खातों की आवश्यकता है। वह उन व्यापारिक लेनदेन को अपने खातों में प्राप्त नहीं करना चाहता है, क्योंकि भविष्य में उसे आयकर विभाग से परेशानी हो सकती है। इसलिए उन्हें जान पहचान और विश्वसनीय व्यक्ति के खाते की जरूरत है और उन व्यावसायिक लेनदेन और कमीशन के रूप में 20,000 रुपये की पेशकश की।



अर्पिता गुप्ता ने बताया कि गोपाल ने उसे आश्वस्त किया कि लेनदेन की पूरी जिम्मेदारी उसकी है। अर्पिता ने बताया कि उसका परिवार कठिन वित्तीय समय से गुजर रहा था और उसके पिता को नियमित और शैक्षणिक खर्चों को पूरा करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था, इसलिए उसके पिता ने गोपाल बंसल को बैंक खाते का विवरण प्रदान कर दिया।
विज्ञापन



पहली बार 18 तो दूसरी बार 11 लाख करवाए जमा

शिकायतकर्ता छात्रा ने बताया कि 20 नवंबर 2023 को गोपाल बंसल ने अपने सहयोगियों के साथ उसके पिता से संपर्क किया और कहा कि खाते में 18 लाख की व्यापार की लेन देन की राशि जमा की है। इसके बाद उसके पिता ने उक्त राशि निकालकर उन्हें दे दी। इसके बाद शाम को गोपाल उनके घर आया और उसके पिता को 20000 रुपये दे गया। अर्पिता ने बताया कि इसके बाद उसने एक और बैंक खाते का विवरण मांगा। इसके बाद अमित गुप्ता ने बेटी अर्पिता के बैंक खाते की जानकारी उसे दे दी। 21 नवंबर 2023 को अर्पिता के खाते में 11,10,624 रुपये प्राप्त हुए। इसके बाद गोपाल बंसल और उसके सहयोगियों ने ये राशि उसके खाते से निकलवा ली।




दिल्ली पुलिस ले गई अमित को गिरफ्तार करके

शिकायतकर्ता अर्पिता ने बताया कि 29 नवंबर 2023 को उसके पिता अमित गुप्ता को सेंट्रल साइबर थाना पुलिस की टीम गिरफ्तार करके ले गई। टीम ने उन्हें बताया कि अमित पर एफआईआर नंबर 45/2023 दर्ज हुई है। अर्पिता ने बताया कि इसके बाद उसने गोपाल बंसल और उनके सहयोगियों से संपर्क किया तो उन्होंने विश्वास दिलाया कि वो अमित के मामले में पूरा ध्यान रखेंगे और जल्द ही शिकायतकर्ताओं को रकम वापस कर देंगे।


गोपाल बंसल को लिया तीन दिन के रिमांड पर
अर्पिता की शिकायत पर दादरी साइबर थाना पुलिस ने गोपाल बंसल समेत उसके नौकर रोहित और सहयोगी विष्णु गोयल, अनिरुद्ध, रोहित व केशव पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर 24 घंटे के अंदर आरोपी गोपाल बंसल को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।



इस संबंध में छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने धारा 420 व 120-बी के तहत 6 लोगों पर केस दर्ज किया था। एक आरोपी गोपाल बंसल को काबू कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। विशाल, पीएसआई एवं प्रभारी, साइबर थाना।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें