चरखी दादरी। सम विषम की शर्त हटने पर सोमवार को 44 दिन बाद शहर की चार हजार दुकानें एकसाथ खुलीं। इससे व्यापारी वर्ग खुश हैं। सोमवार को पहले ही दिन पांच करोड़ का कारोबार हुआ, जो लॉकडाउन के दिनों के मुकाबले दोगुना अधिक और सामान्य दिनों के मुकाबले 50 फीसदी कम रहा। व्यापार मंडल पदाधिकारियों के अनुसार सामान्य दिनों में शहर में दस करोड़ का कारोबार होता है, लेकिन सम-विषम की शर्त के चलते कारोबार ढाई करोड़ की आंकड़ा छू पा रहा था। वहीं, बाजार खुलने के साथ ही लोगों की भीड़ उमड़ी और कोरोना नियमों का उल्लंघन होता नजर आया।
प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के पूरा बाजार खोलने की छूट देने से व्यापारी वर्ग को राहत की सांस मिली है। तीन मई को लॉकडाउन लागू होने के बाद से ही बाजार की सभी दुकानें एकसाथ नहीं खुली हैं। कुछ दुकानें तो ऐसी हैं जिन्हें लॉकडाउन लगने के बाद अब खोलने की छूट दी गई है। शहर में लॉकडाउन के चलते करीब 325 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ। सम-विषम के फॉर्मूले पर दुकानें खोलने के बाद अधिकतम ढाई करोड़ रुपये तक ही कारोबार हो पा रहा था। लंबे समय तक दुकानें बंद रहने से व्यापारी वर्ग बेहद मंदी की मार से गुजर रहा है और उनके सिर पर प्रतिष्ठान का किराया चुकाने के साथ बिजली बिल भरने की भी चिंता है।
सोमवार सुबह व्यापारी करीब साढ़े आठ बजे ही अपने प्रतिष्ठानों पर पहुंच गए। सुबह साढ़े नौ बजे तक शहर का पूरा बाजार खुल गया। व्यापार मंडल कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र गुप्ता के अनुसार सोमवार को शहर में चार हजार दुकानें एकसाथ खुलना व्यापारी वर्ग के लिए राहत की बात रही।
ये मार्केट हुईं गुलजार
दुकानें खोलने की अनुमति मिलने से पूर्ण मार्केट, जांगड़ा मार्केट, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र मार्केट, हीरा चौक मार्केट, रंगीला मंदिर क्षेत्र मार्केट, पुराना दिल्ली रोड मार्केट, ढाणी फाटक मार्केट, रेलवे रोड मार्केट, सब्जी मंडी रोड मार्केट, पुराना झज्जर रोड मार्केट व काठमंडी क्षेत्र की मार्केट फिर से गुलजार हुईं।
पुरानी सब्जी मंडी में उमड़ी भीड़, टूटे सब नियम
पुरानी सब्जी मंडी में सोमवार को भी लोगों की भीड़ उमड़ी। कुछ लोग तो ऐसे भी थे जो मास्क तक नहीं लगाए हुए थे। यहां कोरोना के सभी नियम टूटते नजर आए। गौरतलब है कि करीब 20 दिन पहले एसडीएम विरेंद्र सिंह ने भी यहां का निरीक्षण किया था और उस समय भी स्थिति ऐसी ही थी। इस पर एसडीएम ने मंडी को बंद करवाने की चेतावनी भी दी थी।
इन सड़कों पर उमड़ी लोगों और वाहनों की भीड़
सोमवार को रोहतक रोड, बस स्टैंड, सरदार झाडू सिंह चौक रोड और लोहारु रोड पर वाहनों और लोगों की काफी भीड़ रही। बस स्टैंड रोड पर तो वाहन रेंगकर चले। इसके अलावा काठमंडी रोड पर भी वाहनों की आवाजाही रही। कोर्ट रोड पर भी सोमवार को लोगों की खूब चहल-पहल रही।
व्यापारी बोले: दुकानें खुलने सेे मिली राहत, मंदी से उभरने में लगेगा समय
लंबे समय से व्यापारी वर्ग को प्रतिष्ठान खोलने की अनुमति मिलने का इंतजार था। दुकानें खुलने से व्यापारियों को राहत मिली है। पहले दिन कारोबार की स्थिति ठीक रही।
मनफूल शर्मा, कपड़ा व्यापारी
व्यापारी वर्ग बेहद मंदी के दौर से गुजर रहा है। दुकानें खोलने की हमें अनुमति तो सरकार ने दे दी है, लेकिन आर्थिक मंदी से उभरने और व्यापार को पटरी पर लाने में अभी समय लगेगा।
अजय, कॉस्मेटिक शॉप संचालक
मेरी जिलावासियों से अपील है कि रियायत का नाजायज फायदा न उठाएं। कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है और लोगों के लिए सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है। व्यापारी कोविड गाइडलाइन का दुकानों पर पूर्णतया पालन करें और लोगों की भीड़ एकत्रित न होने दें।
अमरजीत सिंह मान, डीसी
बाजार खुलने से व्यापारी वर्ग काफी प्रसन्न है। सोमवार को बाजार में करीब पांच करोड़ का कारोबार हुआ। 44 दिनों से शहर का कारोबार ढाई करोड़ से ऊपर नहीं जा पा रहा था। सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब दस करोड़ का कारोबार होता है और इस लिहाज से सोमवार को पूरा बाजार खुलने पर भी 50 फीसदी ही कारोबार हुआ है।
रविंद्र गुप्ता, कार्यकारी प्रधान, नगर व्यापार मंडल
व्यापारी वर्ग से मेरी अपील है कि कोविड गाइडलाइन का अवश्य पालन करें। दुकानों में और बाहर भीड़ एकत्रित न होने दें। पूरा बाजार खुलने से व्यापारियों के साथ लोगों को भी राहत मिली है। कारोबार पटरी पर लौटने में अभी काफी समय लगेगा, लेकिन व्यापारी हिम्मत न हारें।
बलराम गुप्ता, जिला अध्यक्ष, हरियाणा व्यापार मंडल