चरखी दादरी। मेरठ-पिलानी नेशनल हाईवे 334 बी को झज्जर से लेकर दादरी होते हुए गांव बिलावल तक सड़क को जल्द ही फोरलेन करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से इस परियोजना की फाइनल ड्राइंग तैयार की जा चुकी है। करीब 63 किलोमीटर लंबी इस सड़क के फोरलेन बनने से न केवल दादरी बल्कि झज्जर व आसपास के जिलों से दिल्ली, गुरुग्राम की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर काफी सुगम और समय की बचत वाला हो जाएगा।
संबंधित विभाग की ओर से इस सड़क को चौड़ा करने और फोरलेन बनाने की ड्राइंग को फाइनल कर लिया गया है। जमीनी कार्यवाही को अमलीजामा पहनाने के लिए जल्द ही निशानदेही का काम शुरू होने को है। बताया जा रहा है कि जनवरी माह में निशानदेही का काम पूरा हो जाएगा। उसके बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत किसानों को मुआवजा राशि वितरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बताया जा रहा है कि अगले कुछ माह के दौरान धरातल पर सड़क को फोरलेन करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
दादरी शहर को मिलेगा बाईपास
इस परियोजना में दादरी शहर के बाईपास को भी शामिल किया गया है। मौजूदा समय में भारी वाहनों के शहर के बीच से गुजरने के कारण लोगों को जाम, प्रदूषण की भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा हादसों की संभावना भी बनी रहती है। वहीं एनएच 334 बी को फोरलेन करने की योजना में हाईवे का एक हिस्सा शहर के बाहरी क्षेत्र से निकाला जाएगा, जिससे दिल्ली, गुरुग्राम जैसे शहरों की तरफ क्रशर जोन से जाने वाले भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेंगे और बाईपास से होते हुए अपने गंतव्य की तरफ रवाना हो सकेंगे। जिससे स्थानीय निवासियों को काफी राहत मिलेगी।
हादसों में आएगी कमी
वर्तमान समय में एनएच 334बी का दादरी से झज्जर तक का हिस्सा महज डबल लेन है। जबकि इस रोड से हर रोज हजारों की संख्या में भारी व छोटे वाहन आवागमन करते हैं। सड़क महज डबल लेन होने तथा वाहनों का आवागमन अधिक होने के कारण यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। वाहन चालक पिछले लंबे समय से इस सड़क को फोरलेन करने की मांग उठा रहे हैं।
दादरी के अलावा छुछकवास को भी मिलेगा बाईपास
परियोजना के तहत गांव बिलावल से दादरी होते हुए झज्जर जिले के गांव सिलानी तक करीब 63 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। इसमें दादरी शहर के अलावा झज्जर जिले के छुछकवास को भी बाईपास की सौगात मिलेगी। जिससे वहां लगने वाले जाम से भी निजात मिल सकेगी।
दादरी के लोगों की ओर से पिछले लंबे समय से एनएच 334बी को फोरलेन करने की मांग उठाई जा रही है। लोगों की मांग को देखते हुए उन्होंने भी सांसद धर्मबीर सिंह व सरकार तक इस सड़क को जल्द फोरलेन करने की मांग पहुंचाई थी। अब सड़क को फोरलेन करने की प्रक्रिया शुरू होने को है। जल्द इस पर काम शुरू हो जाएगा। जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
-सुनील सांगवान, विधायक, दादरी।
वर्सन :
एनएचएआई की ओर से इस सड़क को फोरलेन करने के लिए फाइनल ड्राइंग तैयार की जा चुकी है। जनवरी माह तक निशानदेही का काम पूरा हो जाएगा। उसके कुछ समय बाद ही प्रभावित किसानों को मुआवजा देने का काम शुरू कर दिया जाएगा। हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द सड़क को फोरलेन करने का काम शुरू हो ताकि लोगों का सफर सुगम हो सके।
-धर्मबीर सिंह, सांसद, भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र।