झोझू कलां। दादरी जिले के गांव बलकरा से चोर रात के समय प्लॉट में कमरे में बंधी चार भैंस व दो कटिया चुरा ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव बलकरा निवासी विजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जमींदारा करता है। उसने चार भैंस व दो कटिया पाल रखी हैं। इस पशुधन को वह अपने प्लॉट में बने कमरे में बांधता है। विजय के अनुसार रता को उसने पशुओं को चारा डालकर व पानी पिलाकर प्लॉट में बांध कर ताला लगा दिया था। देर रात करीब एक बजे भी उसने पशुओं को संभाला था। अलसुबह करीब पांच बजे जब वह पशुओं को चारा डालने और दूध निकालने के लिए प्लॉट में आया तो वहां से उसकी चार भैंस व दो कटिया गायब थी। उसने अपने स्तर पर काफी तलाश की,लेकिन इनका कोई सुराग नहीं लग सका। झोझू कलां थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।