संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। राजकीय स्कूलों में इस माह शुरू होने वाली अर्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं अध्यापक शिक्षा परिषद (एससीईआरटी) गुरुग्राम प्रश्नपत्र भेजेगा। परीक्षाएं स्कूल स्तर पर आयोजित होंगी। परीक्षा कक्षा चार से आठ व नौवीं से 12वीं दो चरणों में होगी।
कक्षा चार से आठ की परीक्षाएं 24 अक्तूबर और नौवीं से 12वीं की परीक्षाएं 18 अक्तूबर से शुरू होनी हैं। परीक्षाओं का परिणाम स्कूल स्तर पर ही तैयार होगा। बाद में इस परिणाम को अवसर पोर्टल पर अपलोड भी करवाया जा सकता है। ये परीक्षाएं आधे सिलेबस में से ली जाएंगी। जिले भर में 364 राजकीय प्राइमरी, मिडिल, हाईस्कूल व सीनियर सेकेंडरी स्कूल हैं।
अब तक जिले के कई स्कूलों में 50 से 55 प्रतिशत तक सिलेबस पूरा हो चुका है। सरकार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार पूरा सिलेबस 25 जनवरी तक पूरा करना अनिवार्य है ताकि फरवरी में प्रस्तावित बोर्ड परीक्षाएं और मार्च में संभावित नॉन-बोर्ड परीक्षाएं सुचारु रूप से आयोजित की जा सकें।
फिलहाल, अर्धवार्षिक परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षक सिलेबस की दोहराई करवा रहे हैं ताकि विद्यार्थी किसी विषय में पिछड़ न जाएं। परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए कक्षा में पुनरावलोकन और अभ्यास कराया जा रहा है। स्कूलों में गीत, कविता वाचन, भाषण, वाद-विवाद और समूह नृत्य आदि प्रतियोगिताएं पूरी करवाई जा चुकी हैं। कक्षा 6 से 8 तक का पाठ्यक्रम राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से निर्धारित किया जाता है जबकि कक्षा 9 से 12 तक का पाठ्यक्रम हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अनुसार चलता है।