संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। बाढ़डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में खंडस्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी जलकरण सिंह ने की। इसमें एफएलएन कोऑर्डिनेटर संदीप कुमार ने शिक्षकों और अधिकारियों को मॉनीटरिंग के लिए आवश्यक टिप्स और प्रक्रिया की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मॉनीटरिंग का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक शिक्षा के स्तर को मजबूत करने और छात्रों की पढ़ने-लिखने व गणना करने की दक्षताओं का आकलन करना है। इसके लिए 20 दिसंबर को एफएलएन के तहत जिले के 209 प्राथमिक स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा। इसमें बाढ़डा खंड के 77 स्कूल भी शामिल हैं।
मॉनीटरिंग के दौरान प्रत्येक स्कूल में शिक्षण प्रक्रियाओं, छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों, शिक्षण सामग्री की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की जाएगी। ऑब्जर्वर को मॉनीटरिंग के लिए एक मानक चेक लिस्ट प्रदान की गई है, जिसमें विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षताओं का मूल्यांकन करने के मापदंड शामिल हैं।