जिले में बुधवार को पांच लोगों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें एक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल है। पांचों नए संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग ने ट्रेस कर आइसोलेट कर दिया है। तीन संक्रमित शहर और दो गांव के रहने वाले हैं। पांच नए केस मिलने की पुष्टि डिप्टी सीएमओ चंचल तोमर ने की है। उन्होंने बताया कि बुधवार को दो महिलाओं की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि नए पांच केस मिलने के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या 251 हो गई है। जिले में एक संक्रमित की मौत हो चुकी है जबकि 190 स्वस्थ हो चुके हैं। इस समय जिले में 60 कोरोना सक्रिय केस हैं। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि बुधवार को वार्ड-15 निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति और वार्ड-16 निवासी 44 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बुखार की शिकायत होने पर उनके सैंपल लिए गए थे। इसके अलावा हरियाणा पुलिस में बतौर हेड कांस्टेबल तैनात 35 वर्षीय महिला की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उक्त महिला पुलिसकर्मी की पोस्टिंग कलानौर थाने में है। चौथी संक्रमित हीरा चौक क्षेत्र निवासी 60 वर्षीय महिला है। पांचवा संक्रमित रावलधी गांव का है।
11906 सैंपलों में से 11528 की रिपोर्ट आई निगेटिव
डिप्टी सीएमओ चंचल तोमर ने बताया कि बुधवार 26 अगस्त तक दादरी जिले से कोरोना टेस्ट के लिए 11906 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 251 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 11528 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 127 सैंपलों की रिपोर्ट अभी लंबित है। जिले में 1994 लोग होम क्वारंटीन हैं।