झोझूकलां। छिल्लर गांव स्थित राजकीय स्कूल से कार सवार ने पांच बैटरी चोरी कर ली। एक ग्रामीण ने आरोपियों को फरार होते देखा और मुख्याध्यापक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 305 और 331(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है। नए कानूनों के तहत जिले में यह पहला मामला दर्ज हुआ।
पुलिस को दी शिकायत में मुख्याध्यापक सुखबीर सिंह ने बताया कि वो छिल्लर गांव के राजकीय स्कूल में तैनात हैं। एक जुलाई को जब वो स्कूल पहुंचे तो कार्यालय व अन्य कमरों के ताले टूटे मिले। जांच करने पर पता चला कि कार्यालय में रखी दो 2 इन्वर्टर बैटरी चोरी हो गई है। थोड़ी देर बाद मुख्य शिक्षक सुरेश कुमार जब स्कूल पहुंचे तो उन्हें प्राथमिक विभाग कार्यालय का ताला टूटा मिला। जांच करने पर वहां से एक इन्वर्टर बैटरी चोरी मिली।
इसके बाद जब स्कूल परिसर में बने सभी कमरों की जांच की गई तो प्राथमिक विभाग के एजुसेट कक्ष का ताला भी टूटा मिला और वहां से भी दो इन्वर्टर बैटरी चोरी मिली। मुख्याध्यापक ने बताया कि 30 जून को शाम सात बजे कुक राजरानी व संतोष ने स्कूल की सफाई की थी और उस दौरान सभी बैटरी स्कूल में रखी थीं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से बातचीत करने पर पता चला कि चोरी 30 जून की रात करीब 3 बजे की गई है। गांव के एक व्यक्ति ने एक कार देखी, जिसमें चोर बैटरी चोरी करके ले गए। जब उक्त व्यक्ति गेट खोलने लगा तो चोर गाड़ी में बैठकर भाग गए।