झोझूकलां। गांव गुड़ाना निवासी एक युवक ने तीन लोगों पर धमकी देने और मारपीट करने का केस दर्ज कराया है।
गांव गुड़ाना निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि वह खेती करता है। 12 फरवरी वह अपने घर पर सोया था। रात करीब 11 बजे उसके पास मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। जब उसने कॉल उठाई तो गांव निवासी तीन व्यक्तियों ने उससे अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। इसकी अनदेखी कर वह सो गया।
थोड़ी ही देर में घर के बाहर किसी के बुलाने की आवाज आने लगी। जब उसने दरवाजा खोलकर देखा तो उक्त तीनों आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर जब परिजन जब वहां पहुंचे तो आरोपी उसे छोड़कर भाग गए। इसके बाद उसके भाई ने उसे दादरी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। अगले दिन उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
वकील से मारपीट, केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
चरखी दादरी। गांव तिवाला निवासी एडवोकेट रविंद्र ने मारपीट का केस दर्ज कराया है। एडवोकेट रविंद्र ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह बाइक पर सवार होकर दादरी कोर्ट आ रहे थे। जब वह बिरही कलां गांव के पास पहुंचे तो पीछे से 3-4 बाइकों पर सवार होकर आए 7-8 युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और उस पर लाठी डंडों से हमला कर दिया।
आरोप है कि दो युवकों के पास पिस्तौल भी थी, उनमें से एक ने उन पर पिस्तौल तान कर जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट के बाद आरोपी उनसे जरूरी कागजात और जेब में रखे 5,000 रुपये भी निकाल कर ले गए। गांव से ही पीछे दूसरी गाड़ी में आ रहे परिजनों ने उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। घायल रविंद्र की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।