- दमकल की तीन गाड़ियों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
फोटो- 20, 21 और 22
माई सिटी रिपोर्टर
चरखी दादरी। शहर के लोहारू रोड स्थित सांगवान अस्पताल के सामने बने कपड़ों के शोरूम स्टाइल फॉर ऑल में शनिवार रात को भीषण आग लग गई। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। शोरूम मालिक के अनुसार, करीब 60 से 70 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना की जानकारी रात करीब 1:45 बजे उस समय हुई जब शोरूम की इमारत के मालिक ने वहां से धुआं उठता देखा। इस पर उसने तुरंत शोरूम संचालक विनय (निवासी झज्जर) को सूचित किया। इसके बाद दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी।
मौके पर पहुंचीं दमकल की तीन गाड़ियों ने लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैली, अन्यथा, नुकसान हो ज्यादा हो सकता था। बताया जा रहा है कि यह शोरूम करीब दो माह पहले ही शुरू हुआ था, जिसमें नई रेंज के कपड़े और फैशन उत्पाद रखे गए थे।
संचालक विनय ने बताया कि अधिकतर सामान पूरी तरह जल चुका है। इससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल, प्रशासन और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटा है।