प्रस्तावित लीड:
===========
विकास
::::::::::::::
फोटो: 02
शहर स्थित दमकल विभाग कार्यालय का भवन जिसमें पानी पहुंचाने का प्रबंध तीन साल बाद भी नहीं हुआ है। संवाद
फोटो: 03
चरखी दादरी दमकल विभाग कार्यालय में बनाया गया पानी भंडारण टैंक। संवाद
:::::::::::::::::::::::::::::::
- उधारी के पानी से दमकल विभाग जिला में लगीं आग पर काबू पाने को विवश, तीन साल में 884 घटनाओं पर किसान के खेत के पानी से पाया गया काबू
- नया कार्यालय बनने के तीन साल बाद भी नहीं हो पाई पानी की उपलब्धता, बजट मिलने के बाद ही नहर से कार्यालय तक पाइप लाइन बिछाने का काम होगा शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दमकल विभाग परिसर में रिजर्व टैंक तक नहरी पानी पहुंचाने की योजना बजट के अभाव में लटकी हुई है। दूसरी ओर कार्यालय का नया भवन बनने के तीन साल बाद भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित न होने से दमकल विभाग के कर्मचारी उधारी के पानी से आग बुझाने के लिए मजबूर हैं।
पिछले तीन सालों की बात करें तो दमकल विभाग टीम ने कार्यालय के पास एक किसान के खेत से पानी उधार लेकर जिले में हुईं आग की 884 घटनाओं पर काबू पाया है। अब भी विभाग पानी के लिए पूर्णतया उक्त किसान पर निर्भर है।
दरअसल, वर्ष 2022 में जिला दमकल विभाग कार्यालय भवन का निर्माण किया गया था। निर्माण के दौरान यहां अनेक सुविधाओं के साथ गाड़ियों में पानी भरने के लिए 4.50 लाख लीटर की क्षमता का भंडारण टैंक भी बनवाया गया था। लेकिन, नए भवन में कार्यालय शिफ्ट होने के 3 साल बाद भी रिजर्व टैंक को पानी से भरने के लिए पाइपलाइन नहीं डल पाई है। इससे आग बुझाने के लिए गाड़ियों को भरने के लिए विभाग के पास पानी उपलब्ध नहीं है।
वहीं, स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य फिलहाल सिंचाई विभाग मुख्यालय में बजट के अभाव में रुका हुआ है। जल्द ही बजट पास होने के बाद पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
- 2 किलोमीटर लंबी बिछनी है पाइपलाइन
लोहारू कैनाल से दमकल विभाग कार्यालय तक पानी पहुंचाया जाना है। इसके लिए करीब दो किलोमीटर लंबी पाइपलाइन डाली जानी है। फिलहाल, बजट के अभाव में यह योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही है।
- 5 माह में हुईं आग की 360 घटनाएं
दमकल विभाग के कर्मचारियों की मानें तो वर्ष 2025 में मई माह तक आग की 360 घटनाएं हुईं हैं। इन सभी स्थानों पर पहुंचकर टीम ने आग पर काबू पाया है। फिलहाल, विभाग के स्थानीय कर्मचारियों के लिए आग बुझाने के लिए वाहनों को पानी से भरने की डगर मुश्किल है।
- दो साल पहले विधायक ले चुकीं जायजा
दो साल पहले तत्कालीन बाढड़ा विधायक नैना सिंह चौटाला ने जिला दमकल विभाग कार्यालय का निरीक्षण किया था। उस दौरान कर्मचारियों ने उनके सामने पानी कनेक्शन न होने की समस्या रखी थी। इस पर नैना चौटाला ने जल्द से जल्द लोहारू कैनाल से दमकल विभाग तक पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए थे, लेकिन, अब तक स्थिति जस की तस है।
- शहर में हो चुकीं आग की ये घटनाएं
वर्ष 2025 के दौरान शहर के लोहारू रोड स्थित श्रीश्याम गारमेंट्स स्टोर में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया था। वहीं, इसी माह होंडा शोरूम में भी आग की घटना से कई दुपहिया वाहन जल गए थे। पुरानी अनाज मंडी के गेट के सामने स्थित सरसों तेल मिल में भी आग से लाखों का नुकसान हुआ था।
किस साल लगी कितनी आग
वर्ष - आग की घटनाएं
2022-23 - 245
2023-24 - 279
2024-25 (मई तक) - 360
(नोट: ये आंकड़े दमकल विभाग से लिए गए हैं।)
वर्सन:
हमने उच्चाधिकारियों को इससे अवगत करवा रखा है। जल्द ही कार्यालय के रिजर्व टैंक तक पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-जयदेव सिंह, एफओ, दमकल विभाग