भिवानी में आग बुझाने आई दमकल विभाग की गाड़ी।
भिवानी। तोशाम-बापोड़ा मार्ग स्थित कॉटन की फैक्टरी में सोमवार रात करीब एक बजे आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि पूरी फैक्टरी ही इसकी चपेट में आ गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की करीब 19 गाड़ियां भी मौके पर बुलाई गईं, लेकिन एक बार मंद पड़ने के बाद मंगलवार को फिर से धधक उड़ी। इस वजह से फैक्टरी के अंदर रखी करीब 5260 कॉटन की गांठें भी जलकर खाक हो गईं। वहीं आग से मशीनें और अन्य सामान नष्ट हो गया। फैक्टरी मालिक के अनुसार आग से उसे करीब 14 करोड़ का नुकसान हुआ है। वहीं हादसे की सूचना पाकर सदर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुुंची।
बता दें कि तोशाम रोड पर गांव बापोड़ा के समीप अभिषेक इंडस्ट्रीज के अंदर बने गोदाम में आग लग गई। फैक्टरी मालिक बृजलाल ने बताया कि फैक्टरी में काम करने वाले मजदूरों ने उसे आग लगने की सूचना दी। आग लगने की सूचना दमकल विभाग की दी गई। जब तक दमकल की गाड़ियां वहां पहुंचती तब तक आग काफी तेजी के साथ फैल चुकी थी। रात भर दमकल की एक के बाद एक 19 गाड़ियां मौके पर पहुंची लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। फैक्टरी मालिक बृजलाल ने बताया कि फैक्टरी के अंदर 5260 कपास की गांठों के अलावा मशीनरी और अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। वहीं आग से फैक्टरी का शेड भी आग नष्ट हो गया।
वहीं सदर पुलिस थाना के कार्यवाहक एसएचओ एसआई भूषण कुमार ने बताया कि रात को फैक्टरी में आग की जानकारी मिली थी। मौके पर डायल 112 की टीम के अलावा सदर पुलिस भी मौके पर पहुंची। वहीं हालातों का जायजा लिया। आग किस कारण लगी इसकी जानकारी अभी नहीं लगी है।