कहासुनी के बाद मामला शांत कराने मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी।
- फोटो : CharkhiDadri
पार्किंग की पर्ची को लेकर एक बाइक सवार कोर्ट परिसर के गेट पर तैनात कर्मचारी से मंगलवार सुबह भिड़ गया। कहासुनी के बाद नौबत हाथापाई तक जा पहुंची और वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव कर मामला शांत करवाया। दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह एक व्यक्ति अपनी बाइक लेकर कोर्ट परिसर में आया था। उसने पार्किंग की पर्ची कटवा ली और अंदर चला गया। कुछ देर बाद उक्त व्यक्ति बाहर आया और बाइक लेकर कोर्ट परिसर के गेट से बाहर जाने लगा। उक्त बाइक सवार ने वहां तैनात कर्मचारी को पर्ची देने से मना कर दिया और कुछ देर बाद वापस कोर्ट परिसर की पार्किंग में बाइक खड़ी करने की बात कही। इस पर कर्मचारी ने पर्ची दिए बगैर बाइक लेकर जाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते नौबत मारपीट तक जा पहुंची। मामला बढ़ता देख बर्खास्त पीटीआई के धरने पर तैनात पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और मामला शांत करवाया।