चरखी दादरी। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को जल्द ही सैनेटरी पैड उपलब्ध करवाए जाएंगे। छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेशभर के स्कूलों में सैनेटरी पैड वितरित करने की तैयारी की जा रही है।
इसके लिए विभाग ने ऑर्डर जारी कर दिए हैं। अब दिसंबर तक स्कूलों में पैड की आपूर्ति होने की उम्मीद है। आपूर्ति मिलने के बाद इन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत छात्राओं तक पहुंचाया जाएगा। दादरी जिले में इस योजना के तहत कुल 16,086 पैड वितरित किए जाएंगे।
किशोरावस्था में छात्राओं के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से सरकारी स्कूलों में छठी से 12वीं कक्षा तक पढ़ने वाली छात्राओं को सैनेटरी पैड उपलब्ध करवाए जाते हैं। विभाग की ओर से प्रत्येक चार माह में छात्राओं को पैड वितरित करने की व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता संबंधी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।
हर चार माह में होता है वितरण
शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में छात्राओं की संख्या के आधार पर पैड की मांग और आपूर्ति की व्यवस्था की जाती है। छठी से 12वीं कक्षा तक की छात्राओं को हर चार माह में सैनेटरी पैड दिए जाते हैं। इसके लिए संबंधित स्कूलों से जरूरत के अनुसार मांग जुटाई जाती है। अब नए चरण के वितरण के लिए ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। विभाग की योजना के अनुसार दिसंबर तक पैड स्कूलों में पहुंच जाएंगे। इसके बाद स्कूल स्तर पर इनका वितरण करवाया जाएगा।
स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर योजना
किशोरावस्था में मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखना छात्राओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। कई बार जागरूकता और जरूरी संसाधनों की कमी के कारण छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्कूलों में सैनेटरी पैड उपलब्ध करवाने की व्यवस्था इसी समस्या को दूर करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
इससे छात्राओं को स्कूल में पढ़ाई के दौरान भी जरूरत पड़ने पर सुविधा मिल सकेगी। विभाग का प्रयास है कि प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में निर्धारित कक्षाओं की छात्राओं को समय पर पैड उपलब्ध हों और वितरण की प्रक्रिया नियमित बनी रहे।
जिले के सरकारी स्कूलों में इस चरण के तहत 16,086 सैनेटरी पैड वितरित किए जाएंगे। विभाग की ओर से ऑर्डर जारी होने के बाद अब आपूर्ति का इंतजार है। दिसंबर तक पैड मिलने के बाद स्कूलों में छात्राओं की संख्या के अनुसार इनका वितरण किया जाएगा।
वर्सन:
हर चार माह में सरकार की ओर से छात्राओं के लिए सैनेटरी पैड भेजे जाते हैं। एचएलएल कंपनी की ओर से से पैड आते हैं। स्कूलों में सही ढंग से इनका वितरण किया जा रहा है।-मीनाक्षी, डीएमएस, शिक्षा विभाग।