फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: 115 करोड़ खर्च, फिर भी आधे शहर के नलों में सीवरेज का पानी

Wed, 04 Nov 2026 12:58 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
नलों से आता काले पीले रंग का दूषित पानी। - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल विपरीत है। करीब 115 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद शहर की आधी आबादी को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा। दिवाली जैसे महापर्व पर लोग घरों की सफाई में जुटे हैं, ऐसे में शहर के वार्ड 4, 6, 7, 8, 9 और 10 में घरों तक काले-पीले रंग का बदबूदार पानी पहुंच रहा है। लोगों की शिकायत है कि नलों से आने वाला पानी इतना दूषित है कि उसे पीने के लिए इस्तेमाल करना तो दूर, घरेलू कार्यों में उपयोग करने से भी लोग कतरा रहे हैं। लोगों का सबसे बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी पेयजल व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं हुआ।
विज्ञापन

115 करोड़ में हालत वही
शहर में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था सुधारने के लिए बड़े बजट के प्रोजेक्ट बनाए गए और इस पेयजल प्रोजेक्ट पर अकेले शहर में 115 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। दावा था कि ये प्रोजेक्ट बनने के बाद शहर में किसी प्रकार की पेयजल किल्लत नहीं रहेगी। इसके बावजूद छह वार्डों के लोगों को नलों में साफ पानी आने का इंतजार है।
नलों से आ रहा सीवरेज का पानी
लोगों का आरोप है कि पेयजल के साथ सीवरेज का गंदा पानी मिलकर घरों तक पहुंच रहा है। पानी का रंग बदलने और बदबू आने से इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि पेयजल लाइन में सीवरेज का पानी मिल रहा है तो यह केवल विभागीय लापरवाही का मामला नहीं बल्कि हजारों लोगों की सेहत से जुड़ा गंभीर विषय है।
विज्ञापन

लोगों को नसीहत
दूषित पेयजल की शिकायतों पर जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ मोहन लाल ने लोगों को ही नसीहत दे डाली। एसडीओ का कहना है कि कई लोग अपने पानी के पाइप नालियों में छोड़ देते हैं। इससे पाइप का सिरा गंदे पानी के संपर्क में आ जाता है और अगले दिन सप्लाई आने पर वही गंदगी पानी के साथ घरों तक पहुंच जाती है। लोगों को अपने पाइप नालियों में नहीं छोड़ने चाहिए।
कोट:
आश्रम रोड पर पिछले 10 दिन से बिल्कुल सीवर का पानी आ रहा है, लेकिन बार-बार अवगत करवाने के बाद भी विभाग इसका कोई समाधान नहीं कर रहा है एवं न ही कोई कर्मचारी भेजा गया है। जिसके कारण अब आमजन बीमारी की चपेट में भी आने लग गए हैं।-नवीन बिंदल, पार्षद, वार्ड 6
पिछले करीब एक सप्ताह से वार्ड सहित आसपास के क्षेत्र में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है, जिसके कारण लोग काफी परेशान हैं। जनस्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों को बार-बार अवगत करवाया है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। त्योहारी सीजन में बगैर पानी काम चलना मुश्किल हो गया है।-विनोद सिंहमार, पार्षद, वार्ड 9
वर्सन:
हमारे पास दूषित पानी की समस्या को लेकर किसी प्रकार की शिकायत नहीं आई है। फिर भी कहीं पर समस्या है तो उसे कर्मचारी भेजकर दुरुस्त करवाया जाएगा। लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है।मोहनलाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें