शिक्षकों की कमी से परेशान छात्राओं ने गांव फतेहगढ़ स्थित राजकीय स्कूल के मेन गेट पर शुक्रवार सुबह ताला जड़ दिया। करीब 35 मिनट स्कूल में ताला लगा रहा। बाद में स्कूल पहुंची एक शिक्षिका ने छात्राओं को फटकार लगाते हुए ताला खुलवाया। शिक्षिका ने छात्राओं को कहा कि 13 दिन पहले भी उन्होंने स्कूल गेट को ताला जड़ा था और इसके बाद भी अर्थशास्त्र प्रवक्ता की नियुक्ति नहीं हो पाई। शिक्षिका ने कहा कि तालाबंदी से समस्या का समाधान होने वाला नहीं है। बल्कि इसके चलते अन्य छात्राओं और स्टाफ सदस्यों को ही परेशानियां झेलनी पड़ रही है। शिक्षिका के तर्क के बाद छात्राओं ने सवा आठ बजे ताला खोल दिया।
फतेहगढ़ गांव के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षकों के 12 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से दो पद रिक्त पड़े हैं। प्रधानाचार्य का अतिरिक्त कार्यभार रामफुल सिंह को शिक्षा विभाग ने सौंप रखा है। स्कूल में अर्थशास्त्र प्रवक्ता का पद पिछले सवा माह से रिक्त है। 11वीं और 12वीं कक्षाओं में 21 छात्राएं अर्थशास्त्र की कक्षाएं न लगने से परेशान हैं। छात्राएं ग्राम पंचायत से लेकर प्रधानाचार्य तक अर्थशास्त्र प्रवक्ता की नियुक्ति कराने की गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन अब तक नियुक्ति नहीं की गई है। इससे परेशान छात्राएं शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे स्कूल के मेन गेट के सामने एकत्र हुईं और 7:40 पर मेन गेट को ताला जड़ दिया। छात्रा तनीषा, पूजा, प्रियंका, ललिता, कोमल, बबीता, रितु, राधा, पूनम, नीशू व दीपिका आदि ने बताया कि अर्थशास्त्र प्रवक्ता का पद खाली होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पिछले एक माह से अर्थशास्त्र की कक्षाएं नहीं लग पा रही हैं। इसके चलते 11वीं और 12वीं कक्षाओं की 21 छात्राएं परेशान हैं।
ताला लगाने के बाद करीब आठ बजे स्कूल स्टाफ सदस्य भी वहां पहुंच गए, लेकिन गेट को ताला जड़ा होने के चलते अंदर प्रवेश नहीं कर पाए। शिक्षकों ने छात्राओं को मनाने का प्रयास किया, लेकिन वो ताला खोलने के लिए राजी नहीं हुईं। करीब दस मिनट इंतजार करने के बाद एक शिक्षिका ने छात्राओं को ताला खोलने की बात कही। लेकिन उनके न मानने पर शिक्षिका ने सख्ती दिखाई। उन्होंने सख्त लहजे में छात्राओं को ताला खोलने की बात कही। इसके बाद छात्राओं ने सवा आठ बजे ताला खोल दिया और इसके बाद ही स्कूल स्टाफ सदस्य अंदर प्रवेश कर पाए।
सिंघवा में हुआ प्रवक्ता का तबादला, वहां तीन ही बच्चे
स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य रामफुल ने बताया कि करीब सवा माह पहले अर्थशास्त्र प्रवक्ता का तबादला हांसी के सिंघवा गांव स्थित राजकीय स्कूल में कर दिया गया था। वहां अर्थशास्त्र के तीन ही बच्चे हैं, जबकि फतेहगढ़ स्कूल में बच्चों की संख्या 21 हैं। उच्चाधिकारियों को हम छात्राओं की मांग से अवगत करवा चुके हैं। प्रवक्ता का पद खाली होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।