नामांकन के अंतिम दिन शुक्रवार को विधानसभा चुनाव में नामांकन के लिए प्रत्याशियों बड़ी संख्या में दादरी और बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालय में पहुंचे। दादरी विधानसभा क्षेत्र से शुक्रवार को जजपा, कांग्रेस, इनेलो और निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म भरे। अब दादरी विस क्षेत्र से नामांकन करने वाले प्रत्याशियों की संख्या 20 पहुंच गई है। इधर, बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र से इस बार 13 उम्मीदवार मैदान में हैं।
नामांकन के अंतिम दिन जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों बाढडा व दादरी से 23 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। अब तक जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 33 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 20 उम्मीदवार दादरी विधानसभा क्षेत्र से और 13 उम्मीदवार बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में हैं। दादरी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम संदीप अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तीन बजे नामांकन का समय समाप्त हो गया। पांच अक्तूबर को नामांकनों की छटनी का कार्य किया जाएगा। अंतिम दिन दादरी विधानसभा क्षेत्र से 15 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा। अब दादरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की संख्या 20 हो गई है।
शुक्रवार को सबसे पहला नामांकन फार्म गामड़ी क्षेत्र निवासी कुलबीर ने जमा कराया। इसके बाद फतेहगढ़ निवासी ललित ने निर्दलीय नामांकन किया। दोपहर 12:05 पर इनेलो प्रत्याशी नितिन जांघू नामांकन फार्म जमा कराने पहुंचे। उनके बाद दोपहर एक बजे कांग्रेस प्रत्याशी मेजर नृपेंद्र सांगवान नामांकन किया। दोपहर 1:25 पर सोमबीर सांगवान निर्दलीय नामांकन करने पहुंचे। सोमबीर के बाद राष्ट्रीय जनता पार्टी की तरफ से सुरेंद्र परमार ने नामांकन फार्म जाम कराया। उनके बाद जजपा प्रत्याशी सतपाल सांगवान अपने समर्थकों और निर्वतमान विधायक राजदीप फौगाट के साथ नामांकन फार्म जमा कराने पहुंचे।
ये हैं निर्दलीय नामांकन करने वाले प्रत्याशी
उन्होंने बताया कि चार अक्तूबर को दादरी से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर कुलबीर पुत्र हिरा सिंह, ललित कुमार पुत्र राजेंद्र सिंह, भास्कर वशिष्ठ पुत्र विनोद कुमार, सुरेंद्र सिंह पुत्र हरपाल सिंह, सोमबीर पुत्र रिसाल सिंह व अनीता पुत्री सोमबीर, नरेश कुमार पुत्र सुमेर सिंह, प्यारेलाल पुत्र बंसीराम व राजेश सिंह पुत्र रमेश सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया। विकास इंडिया पार्टी से शुक्रवार को लाखन सिंह पुत्र छत्रपाल सिंह और पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया से सोनेंद्र ने नामांकन किया।
बाढड़ा विधानसभा से अंतिम दिन हुए आठ नामांकन
बाढडा विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह ने बताया कि चार अक्तूबर को नामांकन के अंतिम दिन बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र से आठ उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इसके साथ ही अब बाढड़ा से चुनाव लड़ने वालों की संख्या 13 हो गई है। उन्होंने बताया कि अंतिम दिन बाढड़ा से निर्दलीय उम्मीदवार पवन कुमार पुत्र जुगतीराम व मंगलसेन पुत्र पवन कुमार ने नामांकन पत्र भरा। जननायक जनता पार्टी से उम्मीदवार के तौर पर नैना सिंह पत्नी डॉ. अजय चौटाला व संजय मंदौला पुत्र रणधीर सिंह, बहुजन समाज पार्टी से शिव कुमार पुत्र उमेद सिंह, भारतीय किसान पार्टी से महेंद्र पुत्र मांगेराम, इंडियन नेशनल लोकदल से विजय पचगांवा पुत्र योगराज व हेमंत कुमार पुत्र विजय पचगांवां ने अपना नामांकन भरा।
दो निर्दलीय प्रत्याशी हुए पांच मिनट लेट, नहीं जमा करवा पाए फार्म
दोपहर बाद तीन बजे नामांकन प्रक्रिया बंद की दी गई। दादरी से 3:05 पर रासीवास निवासी सतपाल नामांकन फार्म जमा कराने पहुंचे, लेकिन रिटर्निंग अधिकारी संदीप अग्रवाल ने समयावधि खत्म होने की बात कहते हुए उनका नामांकन फार्म नहीं लिया। इसी प्रकार 3:05 तिगड़ना निवासी लाल सिंह जनता दल पार्टी की तरफ से नामांकन करने पहुंचे, लेकिन उनका नामांकन फार्म भी नहीं लिया गया।
नामांकन फार्म जमा कराते इनेलो प्रत्याशी नितिन जांघू।- फोटो : CharkhiDadri
नामांकन फार्म जमा कराते कांग्रेस प्रत्याशी नृपेंद्र सिंह।- फोटो : CharkhiDadri
बाढ़डा में नामांकन फार्म जमा करातीं जजपा प्रत्याशी नैना चौटाला।- फोटो : CharkhiDadri