संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी नागरिक अस्पताल में एक साल से नियमित अंतराल पर बिजली गुल होने की समस्या आ रही है। शनिवार सुबह भी साढ़े तीन घंटे बत्ती गुल रही। इससे दो शवों के पोस्टमार्टम करने में देरी हुई। वहीं, पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर खड़े एक मृतक के फौजी भाई ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर सवालिया निशान उठा दिया। मृतक विक्रम के फौजी भाई राहुल ने चिकित्सक से कहा कि जेनरेटर चलाने के लिए डीजल के रुपये मुझसे ले लो और छोटे भाई का पोस्टमार्टम जल्दी कर दो।
कंहेटी गांव निवासी विक्रम का शव शुक्रवार सुबह गांव स्थित एक बंद मकान के पीछे मिला था। शाम को पुलिस पोस्टमार्टम के लिए शव दादरी नागरिक अस्पताल लाई थी। दादरी सदर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शनिवार रात ही प्रक्रिया पूरी कर ली थी।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे परिजन अस्पताल पहुंच गए। ताकि, पोस्टमार्टम करवाकर शव जल्दी घर ले जा सकें। वहीं, पुलिस और चिकित्सकों का बोर्ड भी सुबह साढ़े 8 बजे पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर पहुंच गया। उसी दौरान पता चला कि बिजली गुल है।
साढ़े 10 बजे तक विक्रम के परिजनों, पुलिस और चिकित्सकों के बोर्ड ने इंतजार किया, लेकिन, बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। वहीं, कंहेटी निवासी विक्रम के फौजी भाई राहुल ने बोर्ड में शामिल चिकित्सकों से जेनरेटर चलाने के लिए कहा तो डीजल न होने का तर्क मिला।