चरखी दादरी में किसानों ने सड़क पर फेंके टमाटर।
- फोटो : अमर उजाला
फसल का उचित भाव न मिलने से नाराज चरखी दादरी में किसानों ने भाकियू नेता जगबीर के नेतृत्व में प्रदर्शन कर करीब दो क्विंटल टमाटर सड़क पर फेंक दिए। किसानों का आरोप है कि मानकावास को छोड़कर किसी गांव के टमाटर उत्पादक किसानों को पिछले साल हुए नुकसान की अभी तक भरपाई नहीं हुई जबकि इस बार भी किसानों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।
किसान नेता जगबीर ने बताया कि मानकावास के टमाटर उत्पादक किसानों को भी 22 दिन तक प्रदर्शन करने के बाद दस हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा राशि मिली थी। उस क्षेत्र के कई गांवों के टमाटर उत्पादक किसान मुआवजे से वंचित रह गए थे। जगबीर ने कहा कि यही स्थिति अब बनी हुई है लेकिन सरकार की तरफ से कोई भी उचित कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि किसान की टमाटर की फसल को कौड़ियों के भाव लूटा जा रहा है। करीब एक माह पहले टमाटर का भाव आसमान को छू रहा था, लेकिन किसानों की फसल मंडी में आते ही दाम धड़ाम से नीचे आ गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को शोषण किया जा रहा है और सरकार की इन्हीं गलत नीतियों की वजह से किसान को आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि सरकार जल्द या तो किसानों को उचित भाव दे और किसान की फसल को मंडी तक पहुंचाने का प्रबंध करें, अन्यथा पूरे जिले के किसान एकत्रित होकर आंदोलन करने को विवश होंगे। इस मौके पर रणबीर, राहुल दुहन, संजय कुमार, लीलाराम, धोलिया, जयवीर शर्मा, संदीप स्वामी, लक्की शर्मा आदि टमाटर उत्पादक किसान मौजूद रहे।