पेट्रोल पंप पर हंगामे के दौरान मौजूद लोग।
चरखी दादरी। शहर स्थित एक पेट्रोल पंप पर शनिवार को डीजल कम डाले जाने से खफा किसानों ने हंगामा किया। मौके पर डायल 112 पुलिस भी बुलाई गई। मिली जानकारी के अनुसार गांव खातीवास व ढाणी फोगाट के किसान शहर स्थित एक पेट्रोल पंप तेल डलवाने के लिए आए थे। इस दौरान जब उन्होंने अपने ट्रैक्टर और ड्रम में तेल डलवाया तो वह काफी कम मिला। इसके बाद किसानों ने इसका विरोध जताया। किसानों को मिले पेट्रोल की जांच की गई तो उसमें 6 लीटर की कमी मिली। हंगामे को देखते हुए पुलिस को भी बुलाया गया तथा वहां पर काफी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
गांव खातीवास निवासी किसान मोनू व पंकज ने बताया कि उसके पास 26 लीटर का टैंक है, इसमें 20 लीटर तेल डलवाया गया था, लेकिन जांच के बाद पता चला कि इसमें केवल 13 या 14 लीटर तेल ही आया है।
वहीं पेट्रोल पंप चालक ने कहा कि यह तकनीकी कारण से माप में खामी मिली है, किसानों को पूरा तेल दे दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कहा कि यदि मामले में शिकायत दी जाती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।