खेत में लगा बिजली चालित ट्यूबवेल।
चरखी दादरी। बिजली ट्यूबवेलधारक किसान अगर लोड बढ़वाता है तो उसे 100 प्रति रुपये प्रति किलोवाट का चार्ज चुकाना होगा। सरकार ने ट्यूबवेल कनेक्शन धारकों को ये प्रक्रिया स्वेच्छा से पूरी करने के लिए 31 अक्तूबर तक का समय दिया है ताकि चेकिंग के दौरान के निर्धारित लोड से ज्यादा पाए जाने पर किसान पर जुर्माना न लगे।
किसान के लोड बढ़वाने की समयावधि पूरी होने के बाद बिजली निगम निरीक्षण करेगा और उस दौरान स्वीकृत से अधिक लोड मिला तो कनेक्शनधारक को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में किसान अब कुछ शुल्क देकर और लोड बढ़वाकर इस कार्रवाई से खुद को बचा सकते हैं। बता दें कि इस समय जिले में 21 हजार ट्यूबवेल कनेक्शन धारक हैं।
कई दशकों से लगे टयूबवेल कनेक्शन पुराने लोड से ही चल रहे हैं। उसके बाद कनेक्शन पर लोड बढ़ा है। काफी किसानों को पानी का उठान नहीं होने पर ज्यादा क्षमता की मोटर लगानी पड़ी है या दो मोटर से पानी का उठान करना पड़ा है इससे कनेक्शन का लोड बढ़ गया। लोड के अनुरूप ही किसान को बिजली संबंधी सभी चार्ज का भुगतान करना पड़ता है।
सोलर ट्यूबवेल कनेक्शन के प्रति किसानों का कम रुझान
बिजली निगम ने किसानों के लिए सोलर आधारित ट्यूबवेल कनेक्शन की भी सुविधा दे रखी है लेकिन यह किसानों को रास नहीं आ रही है। इससे पानी की पूर्ति नहीं हो पा रही है। हाल ही में निगम ने पिछले पांच-छह साल से पेंडिंग बिजली ट्यूबवेल कनेक्शन अब जारी करने का काम शुरू किया है। इस बारे में विधानसभा में भी मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था।
किसान 31 अक्तूबर तक ट्यूबवेल कनेक्शन का लोड बढ़वा सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। किसानों की सुविधा के लिए यह विशेष अवसर दिया गया है। प्रति किलोवाॅट 100 रुपये चार्ज लिया जाएगा।
राकेश कुमार, एसडीओ सब-अर्बन, बिजली निगम