बाढड़ा। सहकारी बैंकों के लोन पर ब्याज वसूली के सरकार के फैसले के खिलाफ किसानों ने गांव काकड़ौली हुक्मी में सरकार का पुतला जलाया। इस दौरान प्रदर्शनकारी किसानों ने भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त समन्वयक राजू मान की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए सरकारी आदेश की प्रतियां फूंकी।
किसान नेता राजू मान ने कहा कि सरकार एक के बाद एक किसान विरोधी फैसले लेकर उन पर आर्थिक बोझ लादने पर तुली है जो किसी भी रूप में सहनीय नहीं होगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हालात देखते हुए तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने सहकारी बैंकों के लोन को ब्याज मुक्त किया था लेकिन गठबंधन सरकार ने सात प्रतिशत ब्याज थोपने का तुगलकी फरमान जारी किया है। इससे आम जन मानस में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उसका मुखर विरोध करेगी। किसान नेता राजू मान ने कहा कि सरकार किसानों के सब्र का इम्तिहान ले रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने का वायदा किया था लेकिन वो होना तो दूर बढ़ती महंगाई ने खेती पर लागत जरूर बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि इस ताजा फैसले ने साबित कर दिया है कि हरियाणा सरकार भी केंद्र की राह पर है।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच सीताराम शर्मा, किसान सभा से मास्टर रघुबीर सिंह, पूर्व सरपंच राजबीर, विजय सिंह फौजी, जयबीर, जयभगवान शर्मा, रोहतास रोहिल्ला, मनजीत श्योराण, राजकुमार, अरविंद शर्मा, बाबूलाल, संजय शर्मा, बलबीर श्योराण, जगमाल, सत्यवान बलौदा आदि ग्रामीण मौजूद रहे।