बाढड़ा। क्षेत्र के किसान संगठनों ने शनिवार को बैठक कर कस्बे में रोष मार्च निकाला और अधिकारियों को ज्ञापन देकर प्रदेश सरकार से बारिश से प्रभावित फसलों की स्पेशल गिरदावरी करवा उचित मुआवजा देने की मांग की। किसान सभा अध्यक्ष मास्टर रघुबीर काकड़ौली की अध्यक्षता में किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने कस्बे के मुख्य क्रांतिकारी चौक से एसडीएम कार्यालय तक रोष मार्च निकालकर राजस्व विभाग के उप-अधीक्षक जगदीशचंद्र को मांग-पत्र सौंपा।
रोष मार्च की अगुवाई करते हुए भाकियू जिला अध्यक्ष धर्मपाल बाढड़ा ने कहा कि क्षेत्र के किसान को बार-बार प्रकृति की मार से जूझना पड़ रहा है। बारिश से किसानों की पकी हुई फसलें खराबे की भेंट चढ़ गई हैं। किसान अपनी फसलों का बीमा इसलिए करवाता है कि बुरे दौर में उनको सरकार व कंपनी की मदद मिलेगी लेकिन इतने बड़े नुकसान के बाद भी किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। इससे किसानों में रोष बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि महंगे भाव के खाद-बीज लेकर बिजाई की थी अब फसल खराब हो गई है। किसान संगठनों ने सर्वसम्मति से फैसला लिया है कि आगामी दो दिन में स्पेशल गिरदावरी शुरू नहीं की गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। पूर्व चेयरमैन भल्लेराम बाढड़ा ने कहा कि अगर किसान की सुनवाई नहीं की गई तो वह किसान के समर्थन में अपने सभी पद छोड़ने को तैयार है। इस दौरान भाकियू महासचिव हरपाल भांडवा, विद्यानंद, धर्म सेना जिला अध्यक्ष प्रदीप बाढड़ा, प्रेरक संघ प्रदेशाध्यक्ष मास्टर विनोद मांढ़ी, वेद, प्रवीण, प्रताप, ओम,सुरेश, दिलबाग गोपी, नरेश कादयान, रामपाल धारणी, सज्जन सिंह, पूर्व सरपंच दिनेश हंसावास, सुरेश श्योराण, मानसिंह, ईश्वर सिंह, नवीन श्योराण, गिरधारी मोद, रणधीर, कमल सिंह आदि किसान मौजूद रहे।