बौंद कलां। जिले के गांव मिसरी में मंगलवार सुबह खेत में सिंचाई करने गए सुरेश(49) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों ने बताया कि सुबह घर से करीब छह बजे खेत में सिंचाई करने के लिए गया था। सुबह करीब आठ बजे एक ग्रामीण ने सुरेश को खेत में पानी में अचेत अवस्था में गिरा हुआ देखा। जिस पर उसने परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और कंबल में लपेट कर उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में लेकर आए। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी के बाद बौंद कलां थाना पुलिस भी अस्पताल में पहुंची। इस दौरान फोरेंसिक साइंस लैब टीम ने भी शव का निरीक्षण किया। थाने में तैनात हेड कांस्टेबल सचिन ने बताया कि मृतक दो बच्चों का पिता था और भाई प्रदीप व चाचा यज्ञपाल के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।