चरखी दादरी। खेत में लाइन बदलते समय सोमवार शाम कमोद निवासी एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह बौंदकलां थाना पुलिस ने दादरी सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया और इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार कमोद निवासी सतीश (51) ने खेत में धान लगाए थे। सोमवार शाम वह घर से खेत में पानी देने के लिए गया था। पानी देते समय जब वह लाइन बदलने लगा तो लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार को छू गई और करंट लगने से सतीश अचेत हो गया। काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो उसका बेटा सुमित उसे बुलाने खेत में पहुंचा। वहां सुमित को सतीश अचेत मिला। उसने तत्काल परिजनों को सूचित किया। इसके तुरंत बाद परिजन भी खेत में पहुंचे और सतीश को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही बौंदकलां थाना पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मंगलवार सुबह पुलिस ने कागजी कार्यवाही कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। मृतक के तीन बच्चे हैं।