बाढड़ा थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपी प्रवीन।
चरखी दादरी। फर्जी आरटीए बनकर नेशनल हाईवे 334-बी पर वाहन चालकों को चालान का भय दिखाकर रुपये ऐंठने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान उससे रुपये ऐंठने संंबंधी पूछताछ की जाएगी, जिसमें अन्य खुलासे भी होने की उम्मीद है।
पुलिस प्रवक्ता एएसआई पवन कुमार ने बताया कि झज्जर जिले के गांव कबलाना निवासी प्रवीन कुमार ने बाढड़ा थाना में फर्जी आरटीए बनकर अवैध वसूली करने संबंधी शिकायत दी थी। इसके आधार पर बाढड़ा थाना पुलिस ने आरोपी हंसावास कलां निवासी प्रवीन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके पास दो कैंटर हैं जो लोहारू-पिलानी रूट पर चलते हैं। इनमें से एक कैंटर में बिहार निवासी लक्ष्मण चालक है।
वादी प्रवीन ने बताया कि चार अप्रैल की रात चालक लक्ष्मण कैंटर लेकर आ रहा था। उसी दौरान नेशनल हाईवे 334 बी पर गांव भांडवा नहर के पास एक बोलेरो सवार ने कैंटर को रुकवा लिया। बोलेरो सवार ने खुद को आरटीए बताया और चालान करने का भय दिखाया। दस हजार रुपये देने पर उसने कैंटर को जाने दिया। इसके बाद सात अप्रैल को फिर से उसी आरोपी ने कैंटर को रुकवाकर 15,000 रुपये मांगे।
दूसरी बार भी चालक लक्ष्मण ने उसे 10,000 रुपये दे दिए। बाद में जब कैंटर मालिक ने पूछताछ की तो पता चला कि हंसावास कलां निवासी प्रवीन फर्जी आरटीए बनकर वाहन चालकों से रुपये ऐंठता है। पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि बाढड़ा थाने के एएसआई विशाल सिंह की टीम ने आरोपी प्रवीन को काबू कर लिया। अभी उससे पूछताछ की जा रही है।