झोझूकलां। गांव जावा के ग्रामीणों ने सोमवार को अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जताया। अहीर रेजिमेंट संघर्ष समिति सदस्य सूबेदार मेजर दलीप सिंह यादव व नायब सूबेदार कृष्ण यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पिछले काफी समय से अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग को लेकर आवाज उठाई जा रही है लेकिन सरकार मांग पर कोई ध्यान नहीं दे रही।
ग्रामीणों ने बताया कि अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग को लेकर विधायक, सांसद व केंद्रीय मंत्रियों को ज्ञापन भी दिया गया है। उन्होंने बताया कि अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग को लेकर खेड़की दौला में धरना-प्रदर्शन भी किया गया लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि अहीर समाज के सैनिकों ने बड़ी संख्या में शहादत दी है फिर भी अहीर समाज को उनका हक नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि रेजांगला युद्ध में सबसे ज्यादा शहादत अहीर समाज ने दी है। अहीर समाज के सैनिकों को विक्टोरिया क्रॉस, परमवीर चक्र, अशोक चक्र, महावीर चक्र, क्रीति चक्र, वीर चक्र सहित अनेक वीरता पदक मिल चुके हैं। ग्रामीणों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जल्द से जल्द अहीर रेजिमेंट का गठन करे नहीं तो सभी ग्रामीण मिलकर बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
इस अवसर पर कैप्टन जयपाल यादव, हवलदार परमवीर, डॉ. विरेंद्र यादव, रोशनलाल, बीर सिंह, सूरत सिंह, पूर्व बीडीसी बलबीर यादव, हनुमान, हवासिंह व विरेंद्र आदि मौजूद रहे।