बाढड़ा। कस्बे के जुई रोड पर अनाज मंडी गेट पर नगर पालिका का दर्जा खत्म करवाने की मांग को लेकर लोगों का धरना सोमवार को 19वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान सरकार द्वारा कोई सुध न लेने पर कड़ा रोष जताया गया। धरने पर तय किया गया कि सत्तासीन भाजपा सरकार के सांसद, मंत्रियों, विधायकों व पूर्व विधायकों ने 30 सितंबर तक धरनास्थल पर पहुंच कर अपना समर्थन नहीं दिया तो एक अक्तूबर से उनके खिलाफ भी असहयोग आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बाढड़ा के पूर्व सरपंच बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संचालित धरने को पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रणसिंह मान व इनेलो जिलाध्यक्ष विजय पंचगावां ने संबोधित किया। रणसिंह मान ने कहा कि नगर पालिका के माध्यम क्षेत्र के विकास का सब्जबाग दिखाकर सरकार बाढड़ा, हंसावास सहित 35 गांवों का भी नुकसान करना चाह रही है। लोकतंत्र में पहली बार ऐसी सरकार आई है जो आम आदमी की आवाज को सुनने से परहेज कर रही है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप सिंटी ने कहा कि पहले तो सरकार ने उन पर नगर पालिका थोंप दी और अब वापस लेने के लिए जनमत सर्वे को भी ठेंगा दिखाया जा रहा है। धरने पर इनेलो जिलाध्यक्ष विजय पंचगावां, पंचायत समिति के चेयरमैन भल्लेराम बाढड़ा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप सिंटी, पूर्व अध्यक्ष बलजीत हंसावास, समाजसेवी मुकेश, विधानंद श्योराण, प्रदीप बाढड़ा व दिलबाग आदि मौजूद रहे।