युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग की ओर से दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव का वीरवार को जनता पीजी कॉलेज के सभागार में शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि के तौर पर नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने शिरकत की।
महोत्सव के पहले दिन उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। मंच पर एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। हरियाणवी लोकगीतों पर विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में खूब रंग जमाया। मेरे घूंघट न मत खोलिये मन्नै आवै शर्म आदि गीतों पर शानदार प्रस्तुति ने सबको झूमने पर मजबूर कर दिया।
उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने कहा कि युवा महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह हमारे युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और संकल्प का उत्सव है। प्रत्येक व्यक्ति के भीतर असीम प्रतिभा होती है और यह मंच उसे पहचानने, निखारने तथा आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है। विद्यार्थियों को इन कार्यक्रमों में हमेशा बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन में ईमानदारी अवश्य रखें। अपने आप को कभी भी असफल नहीं मानें तथा हमेशा अनुशासन में रहें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि युवा अपनी प्रतिभा के बल पर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिला का नाम रोशन करें। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. यशवीर सिंह, अजय खोखर, राजेंद्र दहिया, स्टेज संचालक सतीश साहू आदि भी मौजूद रहे।
कविता लेखन और पेंटिंग आदि गतिविधियों में दिखाई प्रतिभा
दो दिवसीय इस महोत्सव में जिला के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालय एवं शैक्षणिक संस्थानों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। पहले दिन समूह नृत्य के लिए जिला के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 8 टीमों के लगभग 55 प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति दी। लोक संगीत वाद्य यंत्र के समूह और सोलो के लगभग 20 छात्रों ने अपनी प्रस्तुति दी। कविता लेखन, पेंटिंग व कहानी लेखन में 140 छात्रों ने अपनी प्रस्तुति दी। विज्ञान मेला में विभिन्न शिक्षण संस्थानों से समूह प्रतियोगिता में 13 टीमों के 45 व एकल विज्ञान प्रतियोगिता के लिए 6 टीमों ने प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए।